पिता की हत्या कर खेत में गाड़ा शव, 48 घंटे में दोनों बेटे गिरफ्तार
घरेलू विवाद में हत्या का आरोप, शव जलाकर जमीन में दबाया; दूसरे व्यक्ति का शव बताकर पुलिस को गुमराह करते रहे आरोपी
सुलताना : झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना क्षेत्र में पिता की हत्या कर शव को जमीन में दबाने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए मृतक के दोनों बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते दोनों बेटों ने अपने पिता जुगलकिशोर की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव पर पेट्रोल छिड़ककर जलाया और घर के पीछे खेत में गाड़ दिया। वारदात छिपाने के लिए आरोपी लोगों को गुमराह करते रहे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक पुलिस जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों को गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
घर के पीछे जमीन में दबा मिला शव
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दी कि उसके भतीजे ने घर के पीछे दुर्गंध आने और जमीन में आधा दबा क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना दी। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि जुगलकिशोर पिछले छह-सात दिनों से लापता था। इस पर जुगलकिशोर पुत्र रामेश्वर लाल की हत्या कर शव जमीन में दबाने का संदेह जताया गया। रिपोर्ट के आधार पर सुलताना थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुंबई जाने की बात कहकर पुलिस को किया गुमराह
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुलताना थानाधिकारी रामनिवास उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और वारदात के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को यह कहकर गुमराह करते रहे कि जमीन में दबा शव किसी अन्य व्यक्ति का है, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति यहां गाड़कर चला गया। वहीं, वे अपने पिता के मुंबई जाने की बात कहकर हत्या की आशंका से ध्यान हटाने का प्रयास करते रहे। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों बेटों को दस्तयाब कर पूछताछ की। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा हुआ।
मृतक के दोनों बेटे गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या के आरोप में शिव (32) और दीपेन्द्र (30), दोनों पुत्र जुगलकिशोर, को गिरफ्तार किया है। दोनों मूल रूप से तारा का बास, थाना सुलताना क्षेत्र के निवासी हैं। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भाईंदर ईस्ट स्थित नवघर रोड पर रह रहे थे।
एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और चिड़ावा वृत्ताधिकारी गौरव गुर्जर के पर्यवेक्षण में की गई। सुलताना थानाधिकारी रामनिवास के नेतृत्व में गठित टीम में सहायक उपनिरीक्षक नरेश कुमार, कांस्टेबल सुनील, कृष्ण कुमार, मुलतानराम और चालक कांस्टेबल जोगेंद्र शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर वारदात से जुड़े घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2465484

