समयबद्ध और प्रभावी हों चुनावी तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था में नहीं रहे कोई कमी: सुराणा
जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने राजगढ़ में ली बैठक, मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अभिषेक सुराणा और पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने गुरुवार को राजगढ़ उपखंड कार्यालय में बैठक ली। इसमें निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण, पुलिस प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव से जुड़ी अन्य गतिविधियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरे किए जाएं। मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण प्रभावी और व्यावहारिक हो, ताकि वे अपने दायित्वों, निर्वाचन प्रक्रिया और निर्धारित नियमों से भली-भांति परिचित रहें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने और आपसी समन्वय से चुनावी गतिविधियों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का समय रहते भौतिक निरीक्षण कर वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान दलों को परेशानी नहीं हो। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं।
स्ट्रॉन्ग रूम और ईवीएम केंद्र का किया निरीक्षण
बैठक के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रॉन्ग रूम और ईवीएम की रवानगी एवं संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ईवीएम और चुनाव सामग्री की सुरक्षा, मतदान दलों की रवानगी, कार्मिक प्रशिक्षण तथा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे। पुलिस और फील्ड अधिकारी शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए प्रभावी प्रबंधन करें। उन्होंने संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दी तैयारियों की जानकारी
बैठक में एसडीएम मनोज खेमादा ने चुनावी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान सीओ हरिसिंह, बीडीओ रविन्द्र सिंह, आरओ कमलेश चेजारा, अपूर्व, एसएचओ राजेश सिहाग, धर्मेन्द्र सिंह, सतपाल सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2452165


