अगवान बोले- यह सभापति की कुर्सी नहीं, जनता की अमानत है : झुंझुनूं नगर परिषद में सभापति अब्दुल्ला अगवान और उपसभापति वीरेंद्र डारा ने संभाला पदभार
सांसद बृजेंद्र सिंह ओला बोले- हमने अपना काम कर दिया, अब आपकी बारी; डारा ने 10 दिन में बदलाव का दिया भरोसा
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : डॉ. आजाद अहमद खान
झुंझुनूं : झुंझुनूं नगर परिषद में नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान और उपसभापति वीरेंद्र डारा ने बुधवार को विधिवत रूप से पदभार संभाला। पदभार ग्रहण समारोह में शहर की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर नई परिषद की प्राथमिकताएं सामने आईं। अब्दुल्ला अगवान 21 सितंबर को सभापति और वीरेंद्र डारा 22 सितंबर को उपसभापति निर्वाचित हुए थे।
‘हर वार्ड मेरा वार्ड, हर नागरिक अपना’
पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति अब्दुल्ला अगवान ने कहा कि सभापति की कुर्सी उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि झुंझुनूं की जनता की अमानत है। उन्होंने कहा कि हर वार्ड को अपना वार्ड और हर समाज को अपना समाज मानकर काम किया जाएगा।
अगवान ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। सफाई, रोशनी, सड़क और नाली जैसी मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्मश्री शीशराम ओला को नमन करते हुए की। अगवान ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि पांच साल बाद पीछे मुड़कर देखने पर यह कहा जा सके कि झुंझुनूं में बदलाव आया और शहर आगे बढ़ा।
सांसद बृजेंद्र सिंह ओला बोले- ‘अब आपकी बारी’
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने नवनिर्वाचित सभापति और उपसभापति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अब नई परिषद के सामने शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है। ओला ने अपने संबोधन में कहा, “हमने अपना काम कर दिया है, अब आपकी बारी है।” उन्होंने सभापति और उपसभापति से शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
उपसभापति डारा बोले- 10 दिन में दिखेगा बदलाव
नवनिर्वाचित उपसभापति वीरेंद्र डारा ने शहरवासियों को व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर शहर की व्यवस्थाओं और सफाई व्यवस्था में धरातल पर बदलाव दिखाई देने लगेगा।
अमित ओला का बयान भी चर्चा में
समारोह के दौरान कांग्रेस नेता अमित ओला का बगड़ नगर पालिका अध्यक्ष को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा में रहा। उन्होंने कहा कि जो उनके दादा और पिता के समय नहीं हो पाया, वह उनके समय में हुआ है और इसे उन्होंने सुखद संयोग बताया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सभापति नगमा बानो ने की। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख डॉ. राजबाला ओला, कांग्रेस नेता अमित ओला, बगड़ नगर पालिका अध्यक्ष राकेश शर्मा, सुलताना नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र झाझड़िया, पूर्व चेयरमैन तैयब अली सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित परिषद के पदभार ग्रहण के साथ अब शहरवासियों की नजर सफाई, सड़क, रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रस्तावित कामकाज पर रहेगी।
अब देखिए तस्वीरें




देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2419232

