गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच प्रतिमा विसर्जन, नौ दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन
गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच प्रतिमा विसर्जन, नौ दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : शैलेंद्र पारीक
मुकुंदगढ़ : कस्बे के वार्ड नंबर 12 में नगरपालिका के पास स्वामी विवेकानंद सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजित श्रीलाल कुआं गणेश पूजा महोत्सव का मंगलवार देर शाम 11 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा के विसर्जन के साथ विधिवत समापन हुआ। नौ दिवसीय महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्याएं, सजीव झांकियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धा, संस्कार, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति का संदेश दिया गया।
जयकारों के बीच निकली विसर्जन शोभायात्रा
गणेश प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा पूजा पांडाल से रवाना होकर गढ़ के सामने, मुख्य बाजार, गोपीनाथ जी चौक एवं मंडावा रोड होते हुए ब्रह्म बगीची के सामने स्थित विसर्जन कुंड पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हुए। डीजे पर बज रहे धार्मिक गीतों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते हुए ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। विसर्जन कुंड पहुंचने पर सेवा संघ के कार्यकर्ताओं ने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की। इसके बाद सनातन परंपरा के अनुसार गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

मुख्य बाजार में पुष्पवर्षा से स्वागत
विसर्जन शोभायात्रा के मुख्य बाजार पहुंचने पर व्यापारियों एवं धर्मप्रेमी लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सजीव झांकियों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत राम दरबार, नौ दुर्गा, शिव परिवार, लक्ष्मी-विष्णु, ब्रह्मा-सरस्वती एवं बाल कृष्ण की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। धार्मिक भजनों पर बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महोत्सव में बच्चों की प्रतिभा, धार्मिक संस्कार और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संगम देखने को मिला।

महंत चेतननाथ महाराज के सानिध्य में हुई महाआरती
विसर्जन से पूर्व सोमवार को श्री सिद्धेश्वर महादेव आश्रम के महंत चेतननाथ महाराज के सानिध्य में महाआरती का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाआरती में शामिल हुए। आरती के दौरान गणपति के जयकारों से पूजा स्थल गूंज उठा। सेवा संघ के स्वयंसेवकों ने महंत चेतननाथ महाराज को भगवा शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महंत चेतननाथ महाराज ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम सनातन धर्म का मूल संस्कार और शाश्वत विचार है। बच्चों में अच्छे संस्कार ही सभ्य, सशक्त और आदर्श समाज की नींव रखते हैं।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों का सम्मान भी किया गया। इसके बाद पंडित मनोज सुरोलिया के आचार्यत्व में हवन आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं सेवा संघ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2394999


