विधायक के दामाद को टिकट देने पर भाजपा में बगावत:झुंझुनूं में वार्ड नंबर 49 बना हॉट सीट; निर्दलीय डॉ. कमलचंद से कड़ा हुआ मुकाबला
विधायक के दामाद को टिकट देने पर भाजपा में बगावत:झुंझुनूं में वार्ड नंबर 49 बना हॉट सीट; निर्दलीय डॉ. कमलचंद से कड़ा हुआ मुकाबला
झुंझुनूं : झुंझुनूं में नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 49 बीजेपी के लिए सबसे हॉट सीट बन गई है। पार्टी ने यहां विधायक राजेंद्र भाम्बू के दामाद मनु धनकड़ को मैदान में उतारा है।
टिकट की घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर विरोध भी तेज हो गया हैं। टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे डॉ. कमलचंद सैनी ने पार्टी के फैसले के खिलाफ वार्ड 49 से निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है।
अब इस वार्ड में बीजेपी के सामने चुनौती सिर्फ विपक्षी प्रत्याशी की नहीं, बल्कि अपने ही खेमे से उठी बगावत की भी है। डॉ. सैनी के मैदान में रहने की हालत में भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगने की आशंका है। यही वजह है कि चुनाव प्रचार शुरू होने से पहले ही वार्ड 49 राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है।
48 का टिकट ठुकराया, 49 से ही चुनाव लड़ने पर अड़े
बीजेपी की ओर से डॉ. कमलचंद सैनी को वार्ड नंबर 48 से टिकट देने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। उनका कहना था कि उन्होंने शुरुआत से ही वार्ड 49 से दावेदारी की थी और लंबे समय से इसी क्षेत्र में राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से सक्रिय रहे हैं।
पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने वार्ड 49 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। उनके इस फैसले ने भाजपा की चुनावी रणनीति को मुश्किल में डाल दिया है। अब पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती डॉ. सैनी को मनाने और वोटों के संभावित बिखराव को रोकने की है।
पहले भी टिकट को लेकर सामने आ चुके हैं तेवर
डॉ. कमलचंद सैनी इससे पहले भी बीजेपी में टिकट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। विधानसभा उपचुनाव के दौरान उन्होंने बीजेपी से टिकट की दावेदारी की थी। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी थी।
हालांकि, बाद में जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत की समझाइश और मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने अपना निर्णय बदल दिया था। इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। इस घटनाक्रम से यह भी सामने आया था कि पार्टी संगठन डॉ. सैनी की नाराजगी को हल्के में नहीं लेता।
मनु धनकड़ भी पार्टी का प्रमुख चेहरा
दूसरी ओर बीजेपी ने वार्ड 49 से मनु धनकड़ को प्रत्याशी बनाकर मुकाबले को और महत्वपूर्ण बना दिया है। विधायक राजेंद्र भाम्बू के दामाद होने के कारण मनु धनकड़ का टिकट राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है। ऐसे में पार्टी के सामने अपने प्रत्याशी के पक्ष में संगठन और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की चुनौती है।
बगावत थमी तो आसान, कायम रही तो मुश्किल
वार्ड 49 में भाजपा का पारंपरिक वोट बैंक मजबूत माना जाता है। हालांकि डॉ. कमलचंद सैनी चुनाव मैदान में डटे रहते हैं, तो मुकाबला त्रिकोणीय होने के साथ बीजेपी के लिए मुश्किल भी हो सकता है।
नामांकन दाखिल होने के बाद अब भाजपा की नजरें डॉ. सैनी पर टिकी हैं। पार्टी उन्हें मनाने में जुटी है। फिलहाल वार्ड 49 में टिकट वितरण के बाद शुरू हुआ विवाद प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2348378


