‘ऑपरेशन सिंदूर’ के शहीद सुरेंद्र मोगा की प्रतिमा को बहनों ने बांधी राखी, नम आंखों से निभाया भाई-बहन का फर्ज
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के शहीद सुरेंद्र मोगा की प्रतिमा को बहनों ने बांधी राखी, नम आंखों से निभाया भाई-बहन का फर्ज
झुंझुनूं : रक्षाबंधन के पर्व पर झुंझुनूं जिले के मेहरादासी गांव में भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय वायुसेना के वीर जवान सार्जेंट सुरेंद्र कुमार मोगा (वायु सेना मेडल) की बहनों ने उनके स्मारक स्थल पर पहुंचकर उनकी प्रतिमा को राखी बांधी। इस दौरान पूरा परिवार भावुक हो गया और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
शहीद सुरेंद्र मोगा की बहनें सुमन, सुनीता और विद्या रक्षाबंधन के मौके पर भाई के स्मारक स्थल पर पहुंचीं। भाई की कलाई पर राखी बांधने की जगह सामने उनकी प्रतिमा देखकर बहनें भावुक हो उठीं। उन्होंने प्रतिमा पर तिलक लगाया, आरती उतारी और वंदन करने के बाद उसकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

परिवार की आंखों से छलके आंसू
इस भावुक पल के दौरान शहीद की वीरमाता नानू देवी और वीरांगना सीमा देवी भी मौजूद रहीं। शहीद के बेटे दक्ष और बेटी वर्तिका ने भी अपनी बुआओं के साथ पिता की प्रतिमा को नमन किया। शहीद के चाचा प्यारेलाल और शिवचंद, भाई रवि, संजीव और राजेश सहित परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण भी स्मारक स्थल पर मौजूद रहे। रक्षाबंधन के इस भावुक दृश्य ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
बहनों ने कहा कि उनका भाई भले ही शारीरिक रूप से उनके बीच नहीं है, लेकिन देश के लिए दी गई उसकी शहादत परिवार के लिए हमेशा गौरव का विषय रहेगी। उनका भाई उनकी यादों में हमेशा जिंदा रहेगा।
देश सेवा में दिया सर्वोच्च बलिदान
सार्जेंट सुरेंद्र कुमार मोगा भारतीय वायुसेना में मेडिकल असिस्टेंट के पद पर तैनात थे। मई 2025 में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर एयरबेस पर घायल जवानों को चिकित्सा सहायता पहुंचाते हुए उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के सम्मान में उन्हें ‘वायु सेना मेडल (गैलेंट्री)’ से सम्मानित किया जा चुका है। रक्षाबंधन पर शहीद की प्रतिमा को राखी बांधकर बहनों ने भाई के प्रति अपने स्नेह और देश के लिए उनके बलिदान को एक बार फिर नमन किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2449074

