डॉक्टर के घर 19 लाख की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले, 1.40 लाख नकद और करीब 6 लाख का सोना बरामद
रींगस : रींगस थाना पुलिस ने डॉ. अजय सक्सेना के घर हुई करीब 19 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद और करीब 6 लाख रुपये कीमत का 45 ग्राम सोना बरामद किया है। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने बताया कि 5 जून को भातरों का मोहल्ला निवासी डॉ. अजय सक्सेना के घर चोरी हुई थी। डॉक्टर परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान चार बदमाश घर में घुसे और करीब 9 लाख रुपये नकद तथा 10 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। परिवार के लौटने पर वारदात का पता चला।
300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से मिला सुराग
पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके बाद अजमेर, जयपुर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई।
जांच में महेंद्र चंद्र बागरिया उर्फ भागचंद उर्फ सुरेंद्र निवासी मोतीपुरा, अजमेर और पप्पू बागरिया निवासी पाड़लिया, अजमेर के नाम सामने आए। दोनों को बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिलने पर रींगस पुलिस ने न्यायालय से उत्पादन वारंट हासिल किया और दोनों को बरेली से लाकर गिरफ्तार किया।
चोरी का सोना खरीदने वाला भी पकड़ा
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में विनोद कुमार सोनी निवासी सरवाड़ को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 45 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। मुख्य आरोपियों से 1.40 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार दोनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ राजस्थान के कई जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में चोरी व लूट के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कमांडो, लांपुवा चौकी प्रभारी एसआई दूलाराम सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2337641


