सुजानगढ़ की जाजोदिया स्कूल जर्जर, 21 कमरे खतरनाक:15 कमरों में 19 कक्षाएं, जलभराव से घट रहा नामांकन
सुजानगढ़ की जाजोदिया स्कूल जर्जर, 21 कमरे खतरनाक:15 कमरों में 19 कक्षाएं, जलभराव से घट रहा नामांकन
सुजानगढ़ : सुजानगढ़ की ऐतिहासिक जाजोदिया स्कूल जर्जर हालत में है। स्कूल में 36 कमरे हैं, जिनमें से 21 जर्जर घोषित किए जा चुके है। अब 15 कमरों में ही छात्रों की पढ़ाई हो पा रही है। वहीं, जर्जरता के चलते निकाय चुनाव संबंधी कार्यों और मतगणना के लिए उपयोग होने वाला भवन भी अब बदल दिया गया है।
1961 में बनी इस स्कूल का इतिहास स्वर्णिम रहा है। कभी पूरी शेखावाटी में गिनी चुनी स्कूलों में साइंस फैकल्टी हुआ करती थी। उस दौर में पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री मास्टर भंवरलाल, सीएलसी के डायरेक्टर श्रवण चौधरी सहित कई इंजीनियर और प्रतिष्ठित लोग यहां पढ़ाई कर चुके हैं। यहां से सैकड़ों डॉक्टर और इंजीनियर निकले हैं, लेकिन भामाशाह जाजोदिया परिवार की बनाई यह बुलंद इमारत अब अपनी बदहाली के दौर में है।
शेखावाटी की टॉप सरकारी स्कूलों में शुमार था
एक दौर था जब जाजोदिया स्कूल का नामांकन शेखावाटी की टॉप सरकारी स्कूलों में शुमार था। अब ये गिरकर 360 तक पहुंच चुका है। हालात ये है कि 15 कमरों में 19 कक्षाएं चल रही है। नाथो तालाब क्षेत्र में ग्रीन स्पेस पार्क बनने के बाद स्कूल के सामने का बड़ा मैदान नहीं रहा। जिसके कारण भराव क्षेत्र का पानी स्कूल की तरफ आने लगा।
जलभराव के चलते 21 कमरे जर्जर घोषित
पिछले कुछ सालों में यहां कई बार जलभराव हुआ। 2025 में तो स्कूल ढाई महीने के लिए बंद रही। लगातार जलभराव के चलते इसके 21 कमरे अब जर्जर घोषित किए जा चुके हैं। कई बरामदे भी खतरनाक बने हुए हैं। टीचर और बच्चे डर के साए में रहने को मजबूर हैं।
स्कूल को एक बड़े जीर्णोद्धार की जरूरत है। सरकारी टीमें कई बार दौरा कर इसकी जर्जर हालत का जायजा ले चुकी है। लेकिन मरम्मत या नवीनीकरण के लिए कोई बड़ा बजट जारी नहीं किया गया। वहीं, भामाशाह भी कोई काम करवाने को राजी नहीं है।

चुनाव में बदला मतगणना स्थल
स्थानीय नगर निकाय चुनाव में कई बार चुनाव संबंधी कार्यों और मतगणना के लिए जाजोदिया स्कूल को सुरक्षित रखा जाता था। अब यहां जर्जर हालत को देखते हुए यह स्थान बदलकर मास्टर भंवरलाल गर्ल्स कॉलेज कर दिया गया है। इस बार नगर निकाय संबंधी सभी सरकारी कार्य वहीं होंगे।
मामले को लेकर सीबीईओ रणजीत सिंह भींचर ने बताया- पिछले साल प्रदेश में एक स्कूल के गिरने की घटना के बाद हुए व्यापक सर्वे के दौरान जाजोदिया स्कूल को जमींदोज करवाने के आदेश हुए थे। लेकिन इस साल जून में जिला कलेक्टर ने मरम्मत से सुधार की संभावना को देखते हुए तकनीकी सर्वे करवाया था। जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2329320


