सीकर पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
सीकर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन और सुंदरपुरा में नए रेलवे स्टेशन की घोषणा
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
सीकर : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को एक दिवसीय दौरे पर सीकर पहुंचे। बीकानेर दौरे के बाद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर जयपुर जाते समय उनका सीकर में भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज बाटड़, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, भाजपा नेता हरिराम रणवा, मधु कुमावत, अनीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राजस्थान में रेलवे विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में बीकानेर से अहमदाबाद रेल सेवा का शुभारंभ किया गया है तथा राज्य के अनेक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और नवीनीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने सीकर के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि सीकर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन (Pit Line) निर्माण को मंजूरी दे दी गई है, जिससे भविष्य में सीकर से सीधे नई रेलगाड़ियों का संचालन संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सीकर शिक्षा, व्यापार और धार्मिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन चुका है तथा देश-विदेश से यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
रेल मंत्री ने बताया कि बाबा श्याम के दर्शन के लिए प्रतिवर्ष करोड़ों श्रद्धालु खाटूश्यामजी पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुंदरपुरा क्षेत्र में नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सुंदरपुरा पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेंगे तथा स्थान को अंतिम रूप देने के बाद परियोजना को स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
इस दौरान अश्विनी वैष्णव ने पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव और मांगें रेलवे मंत्रालय तक पहुंचाते रहे हैं तथा जनहित के मुद्दों को गंभीरता से उठाते हैं।
रेल मंत्री के दौरे और रेलवे विकास से जुड़ी घोषणाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2220890


