सेना भर्ती का मुद्दा शीर्ष स्तर पर उठाने पर इंजीनियर महावीर सिंह शेखावत झाझड़ का किया स्वागत
नूंआ में अग्निवीरों का सम्मान समारोह, विभिन्न समाजों ने जताया आभार
नूंआ : नूंआ गांव में आयोजित एक सम्मान समारोह में भारतीय सेना में हाल ही में भर्ती हुए अग्निवीरों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में झुंझुनूं, सीकर और चूरू जिले के कायमखानी, पठान, राजपूत सहित विभिन्न सहभागी समाजों के लोगों ने भाग लिया। समारोह में सेना भर्ती के मुद्दे को शीर्ष स्तर पर उठाने के लिए इंजीनियर महावीर सिंह शेखावत झाझड़ का भी सम्मान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक भारतीय सेना की कायमखानी यूनिटों में बड़ी संख्या में पद रिक्त थे। वर्ष 2013 के बाद लंबे समय तक अपेक्षित संख्या में भर्ती नहीं होने से कई यूनिटें प्रभावित हुईं और कुछ यूनिटों के अस्तित्व पर भी संकट उत्पन्न हो गया। वर्ष 2022 की भर्ती में भी केवल 15 से 20 युवाओं का चयन हुआ था, जिससे समाज में निराशा का माहौल था।
कार्यक्रम में बताया गया कि इंजीनियर महावीर सिंह शेखावत ने 23 सितंबर 2024 को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जयपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर कायमखानी समाज के युवाओं की सेना भर्ती से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि देश के लिए सर्वाधिक बलिदान देने वाली समुदायों में शामिल कायमखानी कौम के युवाओं को सेना में पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।
बताया गया कि रक्षा मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सैन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सेना के अधिकारियों ने विभिन्न कायमखानी बहुल गांवों का दौरा कर युवाओं को भर्ती के लिए प्रेरित किया। परिणामस्वरूप वर्ष 2025 की भर्ती प्रक्रिया में समाज के युवाओं की भागीदारी और चयन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर महावीर सिंह शेखावत ने कहा कि शीघ्र ही राजपूत समाज के रिक्त पदों को भरने सहित अन्य सामाजिक मुद्दों को लेकर भी रक्षा मंत्री से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने ईडब्ल्यूएस आरक्षण सरलीकरण, चुनावी आरक्षण तथा युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सहभागी समाजों के साथ मिलकर जनजागरण और संवाद की बात कही।
समारोह के दौरान सभी नव चयनित अग्निवीरों का माला एवं मेडल पहनाकर सम्मान किया गया। वहीं कायमखानी समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने इंजीनियर महावीर सिंह शेखावत का तलवार भेंट कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में शफीक खान, रिसालदार सज्जाद खान, सूबेदार अजहर खान, गुलजार खान फौजी, जाकिर झुंझुनूंवाला, ताहिर खान, महमूद खान, खलील पठान बुढ़ानिया, सबीर खान भगासरा, हनुमान सिंह भगेरा, यूनुस खान बिसाऊ, उम्मेद खान गिड़ाणिया, एडवोकेट खुशी मोहम्मद खान, मुराद खान किढ़वाना, मुबारक खान भींचरी, अब्दुल गफ्फार भीमसर, लियाकत खान हिरवा सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कप्तान हयात खान ने की तथा संचालन आरिफ खान ने किया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों से आए समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2220882


