सीकर में 2 सरकारी कर्मचारियों पर FIR:फोन पर बोले- मंत्री का OSD हूं, 20 लाख रुपए मांगे; डोटासरा ने कृषि मंत्री से मांगा इस्तीफा
सीकर में 2 सरकारी कर्मचारियों पर FIR:फोन पर बोले- मंत्री का OSD हूं, 20 लाख रुपए मांगे; डोटासरा ने कृषि मंत्री से मांगा इस्तीफा
सीकर : कृषि विभाग के दो कर्मचारियों रजनीश और संदीप के खिलाफ सीकर के सदर थाना में जबरन वसूली और धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों ने मंत्री के ओएसडी (विशेष कार्याधिकारी) बनकर एक बीज व्यवसायी से 20 लाख रुपए की मांग की। मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा से इस्तीफे की मांग की है।
पुलिस के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में स्थित ‘विकास सीड्स’ के संचालक रामलाल ने 5 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 9 जून की रात मामला दर्ज किया गया। रामलाल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे विकास कुमार के पास 2 जून को एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को मंत्री का ओएसडी बताते हुए 20 लाख रुपए की मांग की।
दो दिन तक आते रहे कॉल
शिकायत के अनुसार 2 जून को आए फोन में कहा गया कि मंत्री जी ने उनके नाम से 20 लाख रुपए मांगे हैं। इसके बाद 3 जून की रात को फिर फोन आया और रकम देने का दबाव बनाया गया। विकास ने कॉल करने वाले से कहा कि वह सुबह उसके पिता से बात कर ले।
रामलाल के अनुसार 4 जून को विकास को फोन कर सीकर के सांवली सर्किल स्थित होटल झंकार पर बुलाया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें पूरे मामले पर शक हुआ।
आईडी मांगी तो नहीं दिखा पाए
रामलाल ने शिकायत में बताया कि होटल में मौजूद व्यक्ति खुद को मंत्री का ओएसडी बता रहा था, लेकिन जब उससे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा गया तो वह कोई आईडी नहीं दिखा सका। इससे उन्हें संदेह हो गया कि सामने मौजूद लोग मंत्री के नाम का इस्तेमाल कर उगाही करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो वहां दो नहीं बल्कि तीन लोग मौजूद थे। इनमें से एक व्यक्ति मौके से भाग गया, जबकि संदीप और रजनीश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दूसरी ओर संदीप ने भी दर्ज कराया मामला
मामले में नया मोड़ तब आया जब कृषि विभाग के कर्मचारी संदीप ने भी 5 जून को बीज स्टोर संचालक और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। ऐसे में अब पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
डोटासरा ने साधा कृषि मंत्री पर निशाना
मामले के सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दो एफआईआर की प्रतियां साझा करते हुए कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर निशाना साधा।
डोटासरा ने लिखा कि सीकर में संदीप पर मंत्री के नाम से लाखों रुपए की उगाही करने का आरोप लगा। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, लेकिन उसे बचाने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि अब संदीप का नाम एसीबी की जांच में भी सामने आया है।
‘सफाई नहीं, जवाबदेही का समय’
डोटासरा ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं और अब जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा नैतिक आधार पर पद पर बने रहने का अधिकार खो चुके हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से भी मांग की कि यदि मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल सदर थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल रिकॉर्ड, मौके की परिस्थितियों और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डोटासरा ने शेयर कीं ये 2 FIR


देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2204866


