खंडेला में RLP का हल्ला बोल, किसानों-युवाओं के मुद्दों पर उपखंड कार्यालय का घेराव
महंगाई, बेरोजगारी, पेयजल संकट और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन; राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अरविन्द कुमार
खंडेला : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने सोमवार को खंडेला उपखंड कार्यालय पर किसान, युवा और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपखंड अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व विधानसभा सह प्रभारी एडवोकेट गोकुल चंद गोदारा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।
ज्ञापन में पेयजल संकट, साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी शामिल की गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आरएलपी नेताओं ने खंडेला नगर पालिका क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिससे वाहन चालकों और आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खंडेला क्षेत्र लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा है। सरकार को जल्द ठोस योजना बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों, युवाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आरएलपी आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2202213


