[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

श्योलपुरा में पेयजल की समस्या पर लोग परेशान:जल जीवन मिशन अधूरा, नलों में पानी नहीं, महंगे टैंकर मंगवाने को मजबूर ग्रामीण


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
खेतड़ीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

श्योलपुरा में पेयजल की समस्या पर लोग परेशान:जल जीवन मिशन अधूरा, नलों में पानी नहीं, महंगे टैंकर मंगवाने को मजबूर ग्रामीण

श्योलपुरा में पेयजल की समस्या पर लोग परेशान:जल जीवन मिशन अधूरा, नलों में पानी नहीं, महंगे टैंकर मंगवाने को मजबूर ग्रामीण

खेतड़ी नगर : खेतड़ी उपखंड के श्योलपुरा गांव में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व सरपंच हुक्मीचंद मेहरड़ा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल योजना की अधूरी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का हल नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

पूर्व सरपंच हुक्मीचंद मेहरड़ा, प्रसादाराम और पूर्व व्याख्याता मागुराम तंवर ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव के आधे हिस्से में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। लगभग 50 से 60 घरों में नल कनेक्शन भी दिए गए हैं, लेकिन आज तक इन नलों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद उन्हें इस योजना का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

ग्रामीणों ने बताया भीषण गर्मी में पेयजल की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। नियमित जलापूर्ति न होने के कारण लोगों को खेतों में बनी बोरिंगों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। कई परिवार महंगे दामों पर निजी टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछने और कनेक्शन होने के बावजूद पानी की आपूर्ति शुरू न होना विभागीय लापरवाही का संकेत है। उन्होंने मांग की कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से तत्काल जलापूर्ति शुरू की जाए। साथ ही, जिन घरों को अभी तक इस योजना से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें भी इसका लाभ दिया जाए।

इस विरोध प्रदर्शन में प्रसादाराम, पूर्व व्याख्याता मागुराम तंवर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य चुनीलाल मेहरड़ा, रामफल कसाना, महेंद्र सिंह तंवर, हेमराज चौहान, राम सिंह मणकस, शमशेर मेघवाल, मानसिंह मरोडिया, महीपत सिंह, घीसाराम, श्योराम तंवर और ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles