सीकर में रास्ते के विवाद को लेकर भिड़े 2 गुट:लाठी-सरियों से हमला किया, युवक को मरा समझ छोड़ भागे, क्रॉस मुकदमे दर्ज
सीकर में रास्ते के विवाद को लेकर भिड़े 2 गुट:लाठी-सरियों से हमला किया, युवक को मरा समझ छोड़ भागे, क्रॉस मुकदमे दर्ज
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
सीकर : सीकर के सदर थाना क्षेत्र के मंडावरा की तन में कुल्हरियों की ढाणी में रास्ते के इस्तेमाल को लेकर 2 पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को सीकर के एसके अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हमलावर लाठी-डंडों से हमला करते हुए दिख रहे हैं। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बीच पहले भी रास्ते को लेकर विवाद था।
क्रॉस मुकदमे और सीसीटीवी फुटेज
सदर थाने में घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस मुकदमे दर्ज करवाए हैं। मारपीट का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पार्वती देवी के पक्ष के मुकेश, प्रियंका, और अन्य लोग मदनलाल व जगदीश के परिवार पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों मुकदमों की जांच ASI नरेश कुमार को सौंपी गई है।
52 साल मदनलाल कुल्हरी पुत्र स्वर्गीय भानाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- 25 मई की रात करीब 10 बजे उनका पूरा परिवार गाड़ी से घर लौट रहा था। रास्ते में भतीजे मुकेश कुमार, भाभी पार्वती देवी और मुकेश की पत्नी प्रियंका ने गाड़ी रुकवाकर रास्ते से गुजरने को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ता देख मदनलाल का बड़ा भाई जगदीश दूसरे रास्ते से उनके घर आ गया। इसी बीच मुकेश, प्रियंका, पार्वती, झाबर और कुलदीप गाली-गलौज करते हुए मदनलाल के घर में घुस गए। मदनलाल का भतीजा महेंद्र और उसकी पत्नी विमला भी घर के अंदर थे।
पूर्व नियोजित साजिश के तहत पीछे के रास्ते से राजकुमार, चंद्रप्रकाश उर्फ सीपी, और एक अज्ञात शख्स हाथों में मोटे लट्ठ लेकर आए और पोर्च में महेंद्र के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। बीच-बचाव करने आई मदनलाल की पत्नी भगवती देवी और महेंद्र की पत्नी विमला को भी बेरहमी से पीटा गया।
लूटपाट, भूमाफिया और धमकी
मदनलाल का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी को जबरन घसीटा, कपड़े फाड़ दिए और गले से 2 तोले की सोने की चेन तोड़कर ले गए। मदनलाल ने रिपोर्ट में यह भी कहा है कि आरोपी ने क्षेत्र में एक भूमाफिया गिरोह बना रखा है, जिसके पास एक सीरीज की गाड़ियां हैं।
मदनलाल का आरोप है कि आरोपी अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी में मेधाराम मास्टर के घर से लट्ठ और धारदार हथियार लेकर आया था। मदनलाल का यह भी आरोप है कि आरोपी उनका मकान हड़पना चाहते हैं और पिछले एक साल से उन्हें धमकियां दे रहे हैं।
अपहरण और जानलेवा हमला
मदनलाल ने बताया कि आरोपियों ने उसे जबरदस्ती किडनैप किया और घर के बाहर अंधेरे में ले जाकर जमीन पर पटक दिया। वहां पहले से मौजूद सुरेंद्र, प्रकाश और अन्य 5-6 लोगों ने धारदार हथियारों से मुझ पर जानलेवा हमला किया।
आरोपी उसे मरा हुआ समझकर रास्ते पर अवैध गेट का ताला लगाकर भाग गए। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूसरे रास्ते से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मदनलाल की पत्नी भगवती अभी भी सीकर के अस्पताल में भर्ती है। मदनलाल की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी
वहीं दूसरी ओर, इसी मामले में दूसरे पक्ष की ओर से 57 वर्षीय पार्वती देवी ने भी सदर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पार्वती देवी ने मदनलाल के पक्ष पर मारपीट और अभद्रता के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
पार्वती देवी ने अपनी शिकायत में कहा कि 25 मई की रात 10 बजे देवर जगदीश रास्ते की बात को लेकर अचानक गाली-गलौज करने लगा। जब पार्वती ने विरोध किया, तो जगदीश ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, उनकी ओढ़नी खींचकर अलग कर दी और घुटने व हाथ पर तेज लात-घूंसे मारे। शोर सुनकर जब पार्वती का छोटा बेटा मुकेश और बहू प्रियंका उन्हें बचाने आए, तो जगदीश ने अपनी वैगनआर (WagonR) गाड़ी से मुकेश को कुचलने का प्रयास किया।
पार्वती देवी का आरोप है कि कुछ देर बाद उनका देवर जगदीश पीछा करते हुए गाली देता हुआ आया। वहां पहले से मौजूद मदनलाल और उनका बड़ा बेटा महेंद्र भी उनके घर के अंदर जबरन घुस आए। आरोपियों ने पार्वती देवी को घर के अंदर से घसीटते हुए बाहर निकाला और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। पार्वती देवी ने रिपोर्ट दी है कि मारपीट करते हुए मदनलाल और जगदीश ने धमकी दी कि कोर्ट में जितने भी जमीन-जायदाद के केस चल रहे हैं, वे सब वापस ले लो, नहीं तो जान से मार देंगे। पार्वती देवी की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
देखें मामले की CCTV फुटेज…


देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2171053


