साइकिल चलाकर दिया सेहत और पर्यावरण का संदेश, उमड़ा जनसैलाब
हनी हेल्थ ग्रुप' व पुलिस प्रशासन की अनूठी पहल, शाकंभरी गेट से बागोरा तक दौड़ीं साइकिलें
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : कस्बे के पुलिस थाने से शीतला माता जोहड़ तक भागदौड़ भरी जिंदगी में आमजन को सेहत के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए रविवार को एक विशाल साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। थाना अधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व तथा ‘हनी हेल्थ ग्रुप’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस लगभग 3 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली में युवाओं, कर्मचारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। रविवार तड़के 5 बजे ही शाकंभरी गेट पर प्रतिभागी अपनी साइकिलों के साथ जुटना शुरू हो गए थे।
थाना अधिकारी रामपाल मीणा और हनी हेल्थ ग्रुप की टीम ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता को रवाना किया। शाकंभरी गेट से शुरू होकर यह प्रतियोगिता शीतला माता मंदिर (बागोरा) पर जाकर संपन्न हुई। रास्ते भर प्रतिभागियों ने “स्वस्थ शरीर – स्वस्थ समाज” के गगनभेदी नारे लगाकर लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक किया। इस अनूठे आयोजन में केवल युवा ही नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन के स्टाफ, शिक्षक, समाजसेवी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी पैडल मारते नजर आए। हनी हेल्थ ग्रुप के संरक्षक सुभाष सैनी ने बताया कि संस्था द्वारा पिछले दो वर्षों से हर रविवार को स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे और सुस्त जीवनशैली से दूर कर स्वस्थ दिनचर्या की ओर मोड़ना है।

साइकिल चलाने से सेहत और पर्यावरण दोनों को फायदा
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने साइकिल चलाने के बहुआयामी फायदों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से हृदय रोग, मोटापा, मधुमेह और मानसिक तनाव जैसी बीमारियों से बचाव होता है। महंगे ईंधन की बचत होती है, जो आर्थिक रूप से मददगार है। कार्बन उत्सर्जन कम होने से पर्यावरण प्रदूषण घटता है और स्वच्छ-हरित वातावरण का निर्माण होता है। शीतला माता बागोरा परिसर में सभी प्रतिभागियों ने खुद को फिट रखने, रोजाना साइकिल चलाने तथा अपने आस-पास के कम से कम पांच लोगों को इस स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सुनील सैनी इंजीनियर बागोरा, सुरेन्द्र तंवर, डॉ. वी.पी. शेखावत, पंकज जांगिड़ मैनेजर, नरेंद्र सैनी, महिपाल गुर्जर रेलवे, प्रवीण अग्रवाल, रणजीत कटारिया, टीनू कनवड़िया सहित क्षेत्र के सैंकड़ों गणमान्य नागरिकों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2165178


