[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सार्वजनिक कुएं के नल में अचानक उतरा करंट, 20 वर्षीय युवक की तड़पकर मौत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल; गांव में पसरा मातम


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
उदयपुरवाटीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

सार्वजनिक कुएं के नल में अचानक उतरा करंट, 20 वर्षीय युवक की तड़पकर मौत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल; गांव में पसरा मातम

पानी पीने गए युवक को नल में लगे करंट ने लील ली जिंदगी, दो साल पहले उठा था पिता का साया

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल

उदयपुरवाटी : विधानसभा क्षेत्र के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की ढाणियां भोड़की ग्राम पंचायत में बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक सार्वजनिक कुएं पर लगे नल से पानी पीते समय 20 वर्षीय एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नल छूते ही जमीन पर गिरा युवक
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, गिलो की ढाणी निवासी मृतक प्रवीण कुमार (20) पुत्र स्वर्गीय नाहर सिंह मेघवाल बुधवार दोपहर को किसी काम से ढाणी गया हुआ था। वहाँ से लौटते समय प्यास लगने पर वह गांव में स्थित पीएचईडी के सार्वजनिक कुएं पर पानी पीने के लिए रुका। जैसे ही प्रवीण ने पानी पीने के लिए नल को छुआ, उसमें पहले से मौजूद तेज विद्युत करंट ने उसे चपेट में ले लिया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि प्रवीण अचेत होकर वहीं गिर पड़ा।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
घटना के प्रत्यक्षदर्शी नानूराम पुत्र झाबरराम ने युवक को अचानक गिरते देख शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गंभीर हालत में प्रवीण को एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ागौड़जी पहुँचाया। जहाँ चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दो साल पहले उठ चुका था पिता का साया, बेहद गरीब है परिवार
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक प्रवीण के पिता की मौत दो साल पहले ही हो चुकी थी। घर में अब उसकी वृद्ध मां, एक भाई और एक बहन बचे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे में जवान बेटे की मौत ने मां और भाई-बहनों को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।

करंट के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी पुलिस टीम अस्पताल पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पीएचईडी के कुएं और नल में करंट किस वजह से आया, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है। शुरुआती अंदेशा किसी विद्युत फॉल्ट या वायरिंग लीकेज का जताया जा रहा है। थानाधिकारी के अनुसार पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Articles