बदमाशों का पीछा करते समय नवलगढ़ पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकराई; कॉन्स्टेबल भींवाराम शहीद, SHO गंभीर रूप से घायल
पुजारी की ढाणी के पास तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुई पुलिस की गाड़ी, पैतृक गांव भोड़की में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : शैलेंद्र पारीक/मुकेश शेखावत
नवलगढ़/भोड़की : सीकर जिले के दादिया थाना क्षेत्र में पुलिस नाकेबंदी तोड़कर भाग रहे संदिग्ध बदमाशों का पीछा करने के दौरान रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार गाड़ी का पीछा कर रही नवलगढ़ थाना पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में नवलगढ़ थाने के कर्तव्यनिष्ठ कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल (47) शहीद हो गए, जबकि थानाधिकारी (SHO) अजय सिंह शेखावत सहित अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल थानाधिकारी का अस्पताल में उपचार जारी है।
कच्चे रास्ते पर मोड़ी गाड़ी, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
पुलिस अधीक्षक (SP) कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि रविवार तड़के करीब तीन बजे सीकर के दादिया थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार गाड़ी नाकेबंदी तोड़कर तेज रफ्तार में फरार हो गई। दादिया पुलिस की सूचना पर नवलगढ़ थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला और बदमाशों का पीछा शुरू किया। सुबह करीब पांच बजे पुजारी की ढाणी के पास थार सवार बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से अचानक गाड़ी को कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दिया। उनका पीछा कर रहे पुलिस वाहन ने भी जैसे ही मुड़ने का प्रयास किया, गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, नशे में धुत थे थार सवार युवक
हादसे के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीणों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाई। ग्रामीणों ने भाग रहे थार सवार दोनों युवकों का पीछा कर उन्हें दबोच लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान थार गाड़ी से बीयर के केन बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक शराब के नशे में धुत थे, जिनसे पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
इलाज के दौरान चालक भींवाराम की शहादत, एसएचओ सीकर रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत सीकर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीकर ले जाते समय रास्ते में गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण जांबाज चालक भींवाराम ने दम तोड़ दिया व ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। थानाधिकारी अजय सिंह का सीकर के अस्पताल में सघन इलाज जारी है, जहां उनकी स्थिति गंभीर, लेकिन स्थिर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर और नवलगढ़ डीएसपी महावीर सिंह तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पैतृक गांव भोड़की में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
शहीद कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के भोड़की गांव के निवासी थे। रविवार को उनका पार्थिव देह नवलगढ़ पुलिस थाने लाया गया, जहां पुलिस जवानों ने भावभीनी विदाई दी। इसके बाद नवलगढ़ से उनके पैतृक गांव भोड़की तक एक ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। देश भक्ति गीतों, ‘भारत माता के जयकारों’ और ‘भींवाराम अमर रहे’ के नारों से पूरा शेखावाटी गूंज उठा। गांव के जोहड़ के पास पूरे राजकीय सम्मान और नम आंखों के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह, आरपीएस वृताधिकारी महावीर सिंह शेखावत, उदयपुरवाटी विधायक भगवाना राम सैनी, नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल और पूर्व विधायक रणवीर सिंह गुढ़ा सहित सैकड़ों ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
परिवार में पसरा मातम
शहीद भींवाराम मेघवाल भोड़की गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी सरोज देवी, दो बेटियां अंशु और अनुष्का तथा बेटा दीपक हैं। पत्नी आंगनवाड़ी सहायिका हैं, जबकि बड़ी बेटी जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। इस घटना के बाद से ही भोड़की गांव और पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
रविवार को शहीद जवान को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। नवलगढ़ थाना परिसर से लेकर भोड़की गांव तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “भींवाराम अमर रहे” के नारों से माहौल गूंज उठा।
अंतिम संस्कार में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भगवाना राम सैनी, विक्रम सिंह जाखल, रणवीर सिंह गुढ़ा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इन्होंने कहा –
अल सुबह नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध गाड़ी पुलिस को देखकर यू-टर्न लेकर भाग खड़ी हुई थी। हमारी टीम ने पूरी बहादुरी से उसका पीछा किया, लेकिन मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में हमारे जांबाज चालक कांस्टेबल भींवाराम की शहादत हुई है। थानाधिकारी का इलाज चल रहा है। फरार संदिग्ध वाहन की तलाश के लिए पूरे संभाग में जाल बिछा दिया गया है।”
— कावेंद्र सिंह सागर, पुलिस अधीक्षक (झुंझुनूं)










देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2242325


