पायलट बोले-मेरा ध्यान चिड़िया की आंख की तरह फोकस:मोदी ने चलते चुनाव के बीच कोड आफ कंडक्ट मॉडल तोड़ा,कांग्रेस को कोसा
पायलट बोले-मेरा ध्यान चिड़िया की आंख की तरह फोकस:मोदी ने चलते चुनाव के बीच कोड आफ कंडक्ट मॉडल तोड़ा,कांग्रेस को कोसा
जनमानस शेखावाटी सवंददाता : नैना शेखावत
खाटूश्यामजी : भाजपा नेताओं द्वारा पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट पर बार-बार बयानबाजी करने पर आज पायलट ने पलटवार किया। सचिन पायलट ने कहा कि मेरा ध्यान चिड़िया की आंख की तरह फोकस है। लोग अपना नाम अखबार में छपवाने के लिए कुछ भी बोल देते हैं। वहीं सचिन पायलट ने कहा कि मोदी ने चलते चुनाव के बीच महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर कोड ऑफ कंडक्ट मॉडल तोड़ा। उन्होंने टीवी स्क्रीन पर आकर देश की जनता के सामने कांग्रेस को कोसा।
दरअसल आज सचिन पायलट पूर्व पीसीसी चीफ नारायण सिंह के फार्म हाउस पर आयोजित सवामणि कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। इसके बाद वह सीकर के खाटू में दर्शन करने के लिए आए। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान यह बयान दिया।
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि मैं खाटू आता रहता हूं। लेकिन इस बार लंबे अंतराल के बाद खाटू दर्शन करने पहुंचा। प्रभु से यही कामना है कि पूरे देश में अमन और चैन बना रहे। सभी लोग भाईचारे के साथ रहे। देश की उन्नति और प्रगति हो। पायलट ने कहा कि मंदिर में दर्शनों की व्यवस्था लगातार बेहतर होती जा रही है। यह मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इसका जितना विकास हो उतना ही कम है।

4 मई को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने की बात पर सचिन पायलट ने कहा कि अब मतदान हो चुका है। पांचों ही राज्य का भविष्य मतपेटियों में कैद है। जिन-जिन राज्य में मैंने जाकर प्रचार किया है वहां कांग्रेस का गठबंधन मजबूत है और सरकार भी बनाएगा।
महिला आरक्षण बिल कानून बना हुआ है लेकिन 3 साल तक उसे नोटिफाई नहीं किया गया। चलते चुनाव में मनमर्जी से जनगणना होने से पहले परिसीमन करने के लिए महिला आरक्षण का बहाना लेकर बिल लाया गया। वह भी यह जानते हुए कि संख्याबल नहीं है।
लेकिन इस देश की महिलाएं भ्रमित होने वाली नहीं है क्योंकि उनके लिए जो संघर्ष किया वह सोनिया गांधी ने किया। यूपीए की सरकार के समय हम लोग महिला आरक्षण का बिल लेकर आए उस समय बीजेपी ने राज्यसभा में तो समर्थन किया लेकिन लोकसभा में उसका विरोध किया जिसकी वजह से वह बिल पास नहीं हो पाया।
जब 2023 में यह बिल पास हो चुका था तो 3 साल तक इसे लागू क्यों नहीं किया गया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आज बोला है कि यह सरकार मौजूदा सांसद जिसमें 543 सांसद है,उनमें से एक तिहाई यदि महिलाओं के लिए आरक्षित करती है तो पूरा विपक्ष और कांग्रेस आज ही तैयार है। लेकिन सरकार ऐसा नहीं करना चाहती वह तो लोकसभा में सीटें बढ़ाना चाहती है।
दक्षिण और पूर्व के जो छोटे राज्य हैं उनके साथ यह न्याय नहीं होगा। परिसीमन करने से पहले जनगणना तो हो। जनगणना भी इन्होंने लेट शुरू की है। जनगणना होने के बाद एक कमीशन बनेगा उसके आधार पर ही परिसीमन होगा।
लेकिन बीजेपी के द्वारा महिलाओं को न्याय देने का जो बहाना किया गया उसका पर्दाफाश हो गया। मुझे खेद है कि प्रधानमंत्री ने बीच चुनाव में टेलीविजन पर आकर जो मॉडल कोड आफ कंडक्ट है उसको तोड़ा और कांग्रेस को कोसा।
बावजूद इसके लोग भ्रमित नहीं होंगे और कांग्रेस पार्टी का परफॉर्मेंस काफी अच्छा रहेगा। सचिन पायलट ने भाजपा नेताओं द्वारा तरह-तरह की बयानबाजी पर बोलते हुए कहा कि मैं इन बातों पर ध्यान नहीं देता हूं। मेरा ध्यान सिर्फ चिड़िया की आंख की तरह फोकस है कि हमें राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनानी है। भाजपा की निष्क्रिय सरकार जो ढाई साल में पूरी तरह से फेल हो चुकी है,इसको बाहर करना है। कौन क्या बोल रहा है, कई बार लोग खुद का नाम अखबार में छपवाने के लिए कुछ भी बोल जाते हैं।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जो टोंक दौरा था वह कोई साजिश होगी। क्योंकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहला दौरा प्रदेश में हो और उस पर पानी फेर दिया। कोई पूछ ही नहीं रहा कि नितिन नवीन आए थे या नहीं। जब वह टोंक गए तो बेहतर तो यह होता कि वहां पूरी सरकार और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। तो हमारी सरकार के समय करवाए गए कामों का औपचारिक उद्घाटन ही कर देते। वहां पर 150 करोड़ की लागत से पुल बनकर तैयार है पिछले लंबे समय से,कम से कम उसका ही शुभारंभ करते। इसके अलावा अन्य भी कई काम है उन्हें बेवजह लंबित किया जा रहा है।
श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप और अधिकारियों के बीच हुए विवाद पर बोलते हुए सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान और देश में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। पहले किसी ने आरोप लगाया और फिर दलित अधिकारी के द्वारा खुद के साथ मारपीट होने की बात कही गई। यदि इस तरह से सत्ताधारी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि वंचित वर्ग से आने वाले व्यक्ति के साथ ऐसा करते हैं और यह जांच में सच पाया जाता है तो यह बहुत गलत बात है।
आरोप-प्रत्यारोप कोई भी लगा सकता है लेकिन मैंने अब तक मीडिया के माध्यम से जो देखा है। वह बेहद दुखद घटनाक्रम था जो होना नहीं चाहिए था। अब जो नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं उन पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आज सुबह मैंने अखबार में जो पढ़ा उसे देखकर लगता है कि सरकारी कर्मचारी के साथ काफी बुरी तरह मारपीट की गई है। इसलिए सरकार को बिना दबाव के निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए।
पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस का परफॉर्मेंस अच्छा नहीं था लेकिन इस बार हमें पूरी उम्मीद है कि वहां पर संख्या बल बढ़ेगा। सरकार किसकी बनेगी या नहीं बनेगी यह तो जनता के हाथ में है। कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत बेहतर रहेगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2135911

