ईशकपुरा में युवक की हत्या मामले में ग्रामीणों का विरोध:आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक अस्पताल में धरना, पाॅस्टमार्टम से भी इन्कार
झुंझुनूं एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया:पुलिस की चार टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी, परिजनों ने नेशनल हाईवे जाम करने की दी चेतावनी
सिंघाना : सिंघाना थाना क्षेत्र के ईशकपुरा गांव में शुक्रवार शाम हुई युवक मुकेश कुमार की हत्या के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। शनिवार को खेतड़ीनगर केसीसी अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार डूमोली कलां निवासी 23 वर्षीय मुकेश कुमार को शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने रोककर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुआवजा और नौकरी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी मां बीमार है और दो बहनों की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। ऐसे में आरोपियों की गिरफ्तारी, आर्थिक सहायता और एक परिजन को नौकरी देने की मांग की गई है।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
पूर्व उपप्रधान अमरसिंह ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खेतड़ीनगर में दो साल पहले हुए डबल मर्डर का आज तक खुलासा नहीं हो पाया है, और इस फायरिंग के आरोपी भी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न करने से बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

4 टीमें कर रही तलाश
डीएसपी नोपाराम भाकर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी सहित सिंघाना, बुहाना और खेतड़ीनगर पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
24 घंटे का अल्टीमेटम
करीब साढ़े पांच घंटे चले धरने के बाद प्रशासन ने 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर झुंझुनूं-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम किया जाएगा।
एसपी ने किया मौका मुआयना
झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस दौरान एसपी ने गांव की स्थिति का जायजा लिया और थानाधिकारी से टीमों द्वारा दी जा रही दबिश के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर डीएसपी नोपाराम भाकर, थानाधिकारी सुगन सिंह और एएसआई कृष्ण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2092127


