[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

विरासत और संस्कृति का उत्सव: राजस्थान दिवस पर झुंझुनूं में भव्य सांस्कृतिक संध्या


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

विरासत और संस्कृति का उत्सव: राजस्थान दिवस पर झुंझुनूं में भव्य सांस्कृतिक संध्या

विरासत और संस्कृति का उत्सव: राजस्थान दिवस पर झुंझुनूं में भव्य सांस्कृतिक संध्या

झुंझुनूं : राजस्थान स्थापना दिवस (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के अवसर पर गुरुवार शाम अग्रसेन भवन में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और कला की जीवंत झलक देखने को मिली, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस केवल स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रदेश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित और आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा विकसित राजस्थान के निर्माण में अपना योगदान दें।

सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के ख्यातनाम लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समा बांध दिया। अंतरराष्ट्रीय लोक गायक संजय मुकुंदगढ़ ने अपने सुरों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं हास्य कवि एवं मंच संचालक हरीश हिंदुस्तानी ने अपने व्यंग्य और हास्य से माहौल को उल्लासमय बना दिया। मंजू सपेरा समूह द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्यों ने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में प्रस्तुत लोक गीतों, नृत्यों और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राजस्थान की विविधता और परंपराओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने भी अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय सहयोग दिया।

इस दौरान झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पूर्व जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक देवेंद्र चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र राजावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र भांबू, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles