मौत बनकर गिरा बिजली का पोल, विभाग की लापरवाही आई सामने, सब्जी मंडी में गिरा पोल, बड़ा हादसा होते होते टला, जा सकती थी सैकड़ो लोगों की जान
₹14,102 जमा होने के बावजूद नहीं बदला गया जर्जर पोल, बड़ा हादसा टला
उदयपुरवाटी : कस्बे की पुरानी सब्जी मंडी में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जर्जर हालत में खड़ा एक भारी बिजली का पोल अचानक गिर पड़ा। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। गनीमत रही कि उस समय मौके पर भीड़ कम थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पोल लंबे समय से जर्जर हालत में था और इसके बारे में प्रशासन तथा विद्युत विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी थी। एक दुकानदार ने बताया कि पोल बदलवाने के लिए वर्ष 2024 में ही ₹14,102 का डिमांड नोटिस जमा करा दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोल पास ही स्थित एक सरकारी विद्यालय की दीवार की ओर गिरा। घटना के समय विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि यह घटना बच्चों के स्कूल आने-जाने के समय होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि हादसे की सूचना अधिकारियों को देने के बाद भी करीब 10 बजे तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे व्यापारियों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले एक वाहन की टक्कर से यह पोल कमजोर हो गया था, लेकिन शिकायतों के बावजूद इसे नहीं बदला गया। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण यह स्थिति बनी।

व्यापारियों और मंडी के दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर पोलों को नहीं हटाया गया और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि कस्बे में ऐसे कई जर्जर बिजली के पोल हैं जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने विद्युत विभाग से समय रहते इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2057978
