सुरक्षित भवन को जर्जर बताकर स्कूल शिफ्ट करने पर विरोध
ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला, विधायक बोले-बच्चों को दूर नहीं भेजने देंगे
उदयपुरवाटी : क्षेत्र के नेवरी ढहर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को जर्जर बताकर तीन किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालय भवन में स्थानांतरित करने के आदेश के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय भवन पूरी तरह सुरक्षित है, इसके बावजूद विभागीय रिकॉर्ड में इसे जर्जर दिखाकर शिफ्ट करने के आदेश जारी किए गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में कुल 10 कक्षा-कक्ष हैं, जो सही स्थिति में हैं। वर्ष 2023 में बारिश के दौरान दो कक्षों की दीवारें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनकी मरम्मत नहीं होने पर ग्रामीणों व स्टाफ के सहयोग से एक नया कक्षा-कक्ष बनवाया गया। वहीं दूसरे कक्ष के लिए विधायक कोष से एक लाख रुपए स्वीकृत हुए, जिसमें अतिरिक्त राशि जोड़कर नया कक्ष तैयार कराया गया। इन दोनों कक्षों पर करीब चार लाख रुपए खर्च किए गए, इसके बावजूद शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड में इन्हें जर्जर दर्शाया गया।
विधायक बोले-शिफ्टिंग नहीं होने देंगे
सूचना पर उदयपुरवाटी विधायक भगवान राम सैनी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यालय की मरम्मत के लिए विधायक कोष से पहले ही बजट दिया जा चुका है। यदि और मरम्मत की जरूरत होगी तो अतिरिक्त बजट भी दिया जाएगा, लेकिन बच्चों को तीन किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालय में भेजना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
तकनीकी जांच के बाद होगा फैसला
सीबीईओ नरेश कुमार गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश की और उच्चाधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को समसा के तकनीकी अधिकारियों की टीम विद्यालय भवन का भौतिक सत्यापन करेगी। तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने दोपहर तीन बजे धरना समाप्त किया और विद्यालय में बच्चों की कक्षाएं संचालित कराई गईं।
पहले भी सुरक्षित माना जा चुका है भवन
ग्रामीणों ने बताया कि 16 जनवरी को सीबीईओ, एसीबीईओ, पीईईओ एवं एसएमसी सदस्यों द्वारा विद्यालय भवन का भौतिक सत्यापन कर इसे सुरक्षित मानते हुए शिफ्टिंग नहीं करने की अनुशंसा की गई थी। इसके बावजूद बुधवार को विद्यालय को नेवरी स्थित राजकीय नाथू सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर दिए गए, जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया।
धरने के दौरान नाहर सिंह शेखावत, अजीत सिंह, सुरेश कुमार, नानूराम, गिरवर सिंह, चौथमल सैनी, राजेंद्र सिंह, मदनलाल, गोवर्धन लाल, मनीष सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2058322

