NSUI ने CM का पुतला-फूंका, विनोद-जाखड़ की रिहाई की मांग:बोले-जो संगठन अंग्रेजों की मुखबिरी करता था, बीजेपी ने यूनिवर्सिटी में उसका कार्यक्रम करवाया
NSUI ने CM का पुतला-फूंका, विनोद-जाखड़ की रिहाई की मांग:बोले-जो संगठन अंग्रेजों की मुखबिरी करता था, बीजेपी ने यूनिवर्सिटी में उसका कार्यक्रम करवाया

सीकर : NSUI प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित अन्य लोगों की रिहाई की मांग को लेकर आज सीकर में छात्र संगठन NSUI ने आक्रोश रैली निकाली। यह आक्रोश रैली डाक बंगला से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट के बाहर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला भी फूंका।

NSUI सीकर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा ने कहा कि कुछ दिनों पहले राजस्थान यूनिवर्सिटी में एक संगठन का प्रोग्राम हो रहा था। जहां पर शस्त्र पूजा करवाई जा रही थी। जो संगठन पहले अंग्रेजों की मुखबिरी करता था। भाजपा के द्वारा उस संगठन का कार्यक्रम राजस्थान विश्वविद्यालय में करवाया जा रहा था जहां पर स्टूडेंट्स पढ़ाई करते हैं।
जब इसका विरोध हमारे संगठन NSUI के द्वारा किया गया तो प्रशासन ने पहले तो उन पर लाठीचार्ज किया। इसके बाद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ और उनके साथियों को दो से तीन दिन तक तो इधर-उधर थानों में घुमाया गया। इसके बाद उन्हें जेल में डाल दिया गया।

भाजपा के शासन में स्टूडेंट्स के साथ अन्याय हो रहा है। पता नहीं राजस्थान विश्वविद्यालय में शस्त्रों की पूजा करवाकर क्या मैसेज देना चाह रहे थे। संविधान में विरोध करने का अधिकार सबको है। तो फिर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ ऐसा बर्ताव क्यों किया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही विनोद जाखड़ और अन्य को रिहा नहीं किया गया, तो NSUI को आंदोलन करना पड़ेगा। इसके लिए सरकार और प्रशासन जिम्मेदार होंगे।