सूरजगढ़ के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या:लोगों को आने-जाने में होती है परेशानी, स्थायी समाधान की मांग
सूरजगढ़ के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या:लोगों को आने-जाने में होती है परेशानी, स्थायी समाधान की मांग

सूरजगढ़ : सूरजगढ़ कस्बे के प्रमुख मार्गों में से एक काजड़ा चुंगी, तोरण द्वार के समीप वार्ड नंबर 02 में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस रास्ते से रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं, लेकिन पानी भरे रहने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग सूरजगढ़ के मुख्य बाजार, तहसील, कोर्ट, एसडीएम ऑफिस और नगरपालिका सहित कई प्रमुख स्थानों को बाइपास से जोड़ता है। ऐसे में यहां रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों और आम जनता को असुविधा झेलनी पड़ती है।
लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम के अलावा सामान्य दिनों में भी यहां गंदा पानी जमा रहता है। नगरपालिका द्वारा समय-समय पर पंपिंग कर पानी को निकलवा तो दिया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं हो पाया है। पानी रुकने से न केवल आवाजाही बाधित होता है बल्कि गंदगी और दुर्गंध से आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से इस समस्या का स्थायी हल निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जलभराव की वजह से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है इसलिए प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।