जसरापुर के दुर्गा माता मंदिर में नवरात्र महोत्सव: श्रद्धालुओं ने की मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना, नवरात्र के छठे दिन उमड़ी भक्तों की भीड़
जसरापुर के दुर्गा माता मंदिर में नवरात्र महोत्सव: श्रद्धालुओं ने की मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना, नवरात्र के छठे दिन उमड़ी भक्तों की भीड़

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : विजेन्द्र शर्मा
खेतड़ी : जसरापुर के वार्ड नंबर तीन स्थित दुर्गा माता मंदिर में नवरात्र महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रतिदिन ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर माता के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का जोश और आस्था देखते ही बनती है।
नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा विशेष विधि-विधान के साथ मंदिर पुजारी विजय खींची के सानिध्य में सम्पन्न हुई। पूजा के दौरान मंत्रोच्चार और घंटे-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।पूजा के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। ग्रामीणों ने सामूहिक सहयोग से आयोजन को सफल बनाया।
मंदिर पुजारी विजय खींची ने बताया कि नवरात्र के दौरान प्रतिदिन सुबह 10:15 बजे और शाम 7:00 बजे माता की महाआरती होती है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त सम्मिलित होते हैं। पूरे दिन मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का क्रम चलता रहता है।महिला श्रद्धालु भजन-कीर्तन में विशेष रूप से भाग ले रही हैं। दिनभर माता की स्तुति और भजनों की गूंज से मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर रहता है। यह पर्व गांव में एकता, भक्ति और उत्साह का संदेश दे रहा है।ग्रामीण बुजुर्गों का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्र महोत्सव में लोगों की आस्था और जोश चरम पर है। युवा पीढ़ी भी सेवा और आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है, जिससे धार्मिक वातावरण और भी पावन बन गया है।
मंदिर परिसर में सजावट और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। जैसे-जैसे नवरात्र आगे बढ़ रहा है, श्रद्धालुओं की भीड़ में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। नौ दिनों तक चलने वाला यह आयोजन पूरे गांव को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर रहा है।इस अवसर पर कांता देवी, मंजु देवी, प्रमोद देवी, कोशीला देवी, सुनीता देवी, बबिता देवी, संतोष देवी, रजनी देवी, कमला देवी, माया देवी, कविता देवी, किरण देवी, रितिमा खिंची, अनन्या खिंची, रेणु खिंची, हरि खिंची, दीपक खिंची सहित अनेक भक्त मौजूद रहे।