श्रीमाधोपुर में ज्वैलर्स ने की 10 करोड़ की धोखाधड़ी:9 रिटायर्ड और 2 सर्विस कर रहे फौजियों को निवेश के नाम पर ठगा, सोना भी निकला नकली
श्रीमाधोपुर में ज्वैलर्स ने की 10 करोड़ की धोखाधड़ी:9 रिटायर्ड और 2 सर्विस कर रहे फौजियों को निवेश के नाम पर ठगा, सोना भी निकला नकली

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : नैना शेखावत
श्रीमाधोपुर : मंगल सिंह ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2023 में वो जय भवानी ज्वैलर्स श्रीमाधोपुर पर गया था। वहां दुकान पर दीपक सोनी, किशन सोनी और गुलशन सोनी मिले। वहीं, मुनीम गुलाब और एक अन्य व्यक्ति भी था। पीड़ित ने यहां 6.87 लाख रुपए में सोने के गहने बनवाए।
निवेश के नाम पर 10 करोड़ ठगे
इसके बाद दुकान के मालिक गुलशन सोनी ने मंगल सिंह को फोन किया और बैंकों से सस्ते भाव में सोना छुड़वाने के व्यवसाय में निवेश का प्रस्ताव दिया। मंगल सिंह ने शुरुआत में 7 लाख रुपए निवेश किए। आरोपियों ने फिर उन्हें अच्छे मुनाफे का लालच दिया। मंगल सिंह ने रिश्तेदारों और दोस्तों से पैसे जुटाकर कुल 10 करोड़ 70 लाख रुपए का निवेश कर दिया। दुकान के मालिक गुलशन सोनी ने अब तक 4 करोड़ 18 लाख रुपए वापस किए हैं। पिछले दो महीनों से उन्होंने पैसे देना बंद कर दिया है। आरोपियों ने न तो व्यवसाय दिखाया और न ही निवेश का कोई प्रमाण दिया।
सोने की ज्वेलरी नकली
मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अप्रैल 2025 में जब मंगल सिंह अपने गहने एसबीआई शाखा अजीतगढ़ में गोल्ड लोन के लिए ले गए, तो जांच में वो नकली निकले। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
9 रिटायर्ड और 2 वर्तमान फौजियों ने किया निवेश
पीड़ित मंगल सिंह ने दर्ज मामले में बताया कि उन्होने मामले में सीकर एसपी के पास परिवाद पेश किया जिसके बाद मामला दर्ज हुआ। ठगी के शिकार 17 में से 11 रिटायर्ड फौजी है। निवेश करना वाले व्यक्तियों में परिवादी मंगल सिंह (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 1 करोड़ 60 लाख रुपए, सुरेश कुमार जाट (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 18 लाख रुपए, जवाहर लाल भामू (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 25 लाख रुपए निवेश किए।
इसी तरह करण सिंह (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 10 लाख रुपए, गोपी राम (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 26 लाख 75 हजार रुपए, रोहिताश सिंह (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 20 लाख रुपए, विक्रम सिंह जाट (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 22 लाख रुपए, हरलाल (एक्स सर्विसमैन आर्मी) ने 10 लाख रुपए सुवालाल मंगावा (सर्विस आर्मी) ने 10 लाख रुपए निवेश किए।
वहीं, कमलेश कुमार जाट (सर्विस आर्मी) ने 17 लाख रुपए, पेपा राम (सर्विस आर्मी) ने 10 लाख रुपए, नन्दराम ने 25 लाख रुपए, बलदेव जाट ने 9 लाख रुपए, धर्मपाल जाट ने 5 लाख रुपए, मंगल चन्द चौधरी ने 57 लाख रुपए, सुरेश जाट ने 23 लाख रुपए और बजरंग लाल ने 20 लाख रुपए निवेश किए हैं।