हरियाली तीज पर झुंझुनूं में होंगे भव्य आयोजन:एक पेड़ मां के नाम” के तहत लगेगा पर्यावरण संरक्षण का रंग, तीज की थीम- “आओ तीज मनाएं, पेड़ लगाएं
हरियाली तीज पर झुंझुनूं में होंगे भव्य आयोजन:एक पेड़ मां के नाम” के तहत लगेगा पर्यावरण संरक्षण का रंग, तीज की थीम- “आओ तीज मनाएं, पेड़ लगाएं

झुंझुनूं : हरियाली तीज का पर्व इस बार जिले में पारंपरिक उल्लास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के रूप में मनाया जाएगा। “मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान – हरियालों राजस्थान (एक पेड़ मां के नाम)” के तहत जिला मुख्यालय पर रविवार को दिनभर विभिन्न आयोजन होंगे। इन आयोजनों में प्रदेश सरकार के झुंझुनूं जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत और प्रभारी सचिव डॉ समित शर्मा भी भाग लेंगे।
पर्यावरण के संदेश के साथ निकलेगी तीज रैली
जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह 8 बजे “आओ तीज मनाएं, पेड़ लगाएं” थीम पर महिलाओं की एक भव्य रैली निकाली जाएगी। यह रैली शहीद स्मारक से शुरू होकर परमवीर चक्र विजेता शहीद पीरू सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तक जाएगी। रैली की खास बात यह होगी कि इसमें महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी परिधान में सजधज कर शामिल होंगी। ऊंट सवारियां, ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों के साथ यह रैली तीज उत्सव की सांस्कृतिक छटा को जीवंत कर देगी।
पीरू सिंह स्कूल में बनेगी “कन्या वाटिका”
रैली के समापन पर शहीद पीरू सिंह स्कूल प्रांगण में “कन्या वाटिका” की स्थापना की जाएगी। इस वाटिका में बालिकाओं के नाम पर पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य बेटियों को प्रकृति से जोड़ना और उनके नाम से पेड़ लगाकर उन्हें सम्मान देना है।
वन वाटिका और वन महोत्सव से जुड़ेगा आमजन
रविवार सुबह 8:45 बजे नगर परिषद की ओर से डेयरी परिसर में विकसित वन वाटिका में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में आमजन, स्कूली बच्चे और नगर परिषद के अधिकारी भाग लेंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे से 10 बजे तक पुलिस लाइन परिसर में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, प्रभारी सचिव डॉ समित शर्मा सहित जिले के आला अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। वृक्षारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाएगी।
तीज पर्व के साथ बढ़ेगा हरियाली का संदेश
इस बार तीज केवल उल्लास का नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी प्रतीक बनेगी। “हरियालों राजस्थान” अभियान के तहत “एक पेड़ मां के नाम” का संदेश हर घर तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। पारंपरिक लोक पर्व और हरियाली का यह समन्वय जिले में तीज को विशेष बना देगा। जिला प्रशासन, महिला समूहों, शिक्षण संस्थाओं और नगर परिषद के साझा प्रयासों से यह आयोजन जन-सहभागिता का आदर्श उदाहरण बनेगा।