लक्ष्मणगढ़ में पार्षद उपचुनाव; वार्ड-9 से सरिता शर्मा जीतीं:365 वोटों से कांग्रेस की वंदना शर्मा को हराया, 3 राउंड में हुई काउंटिंग
लक्ष्मणगढ़ में पार्षद उपचुनाव; वार्ड-9 से सरिता शर्मा जीतीं:365 वोटों से कांग्रेस की वंदना शर्मा को हराया, 3 राउंड में हुई काउंटिंग

लक्ष्मणगढ़ : लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका के वार्ड नंबर-9 में पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सरिता शर्मा ने कांग्रेस की वंदना शर्मा को 365 मतों से हराकर जीत हासिल की। निर्दलीय उम्मीदवार पूनम देवी तीसरे स्थान पर रहीं। मतगणना सोमवार सुबह 9 बजे उपकोष कार्यालय के कमरा नंबर-7 में शुरू हुई, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मतगणना तीन राउंड में पूरी हुई, जिसमें हर राउंड में भाजपा प्रत्याशी सरिता शर्मा ने बढ़त बनाए रखी।

पहले राउंड में सरिता शर्मा को 205, वंदना शर्मा को 166 और पूनम देवी को 4 वोट मिले, जबकि 1 मत नोटा में गया। दूसरे राउंड में सरिता को 218, वंदना को 94, पूनम को 13 और नोटा को 2 वोट मिले। तीसरे राउंड में सरिता को 217, वंदना को 15, पूनम को 42 और नोटा को 5 वोट प्राप्त हुए।
इस तरह कुल मतों में सरिता शर्मा को 640, वंदना शर्मा को 275 और पूनम देवी को 59 वोट मिले। नोटा में 8 वोट डाले गए। इस निर्णायक जीत के बाद सरिता शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों का आभार जताया और कहा कि वे जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

भाजपा खेमे में इस जीत के बाद खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजयी जुलूस निकाला और सरिता शर्मा को फूल-मालाओं से लाद दिया। वहीं कांग्रेस खेमे में मायूसी देखी गई।
इससे पहले, 8 जून को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था। कुल 1467 पंजीकृत मतदाताओं में से 982 ने वोट डाले, जिससे 66.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।