भाजपा स्थापना दिवस पर रींगस में बड़ी घोषणा:पेयजल समस्या के समाधान के लिए 10 करोड़ मंजूर, तीन नए ट्यूबवेल भी बनेंगे
भाजपा स्थापना दिवस पर रींगस में बड़ी घोषणा:पेयजल समस्या के समाधान के लिए 10 करोड़ मंजूर, तीन नए ट्यूबवेल भी बनेंगे

रींगस : रींगस कस्बे के पत्थर मंडी स्थित रेलवे धूम चक्कर के पास सोमवार शाम को भाजपा का स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र भातरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक सुभाष मील मौजूद रहे।
विधायक मील ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
विधायक ने अपने संबोधन में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया- रींगस नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार से 10 करोड़ रुपए का विशेष बजट स्वीकृत हुआ है। इसके तहत नदी क्षेत्र में तीन नए ट्यूबवेल बनाए जाएंगे। साथ ही अमृत जल द्वितीय योजना का कार्यादेश भी जल्द जारी किया जाएगा।
जनसंपर्क बढ़ाने का लिया फैसला
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अमित शर्मा, भाजपा नेता रिछपाल सिंह लांपुवा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने जनसंपर्क बढ़ाकर विकास कार्यों को गति देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक सुभाष मील ने विशाखा कुमावत को भाजपा मंडल रींगस का अध्यक्ष बनाए जाने की अनौपचारिक घोषणा की। कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर उन्हें बधाई दी।
विधायक सुभाष मील का भी मंडल पदाधिकारियों की ओर से साफा पहनाकर व मालाएं भेंट कर स्वागत किया गया। मंडल अध्यक्ष राजेंद्र भातरा ने बताया कि जल्द ही एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित कर विशाखा कुमावत को पदभार ग्रहण करवाया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।