गहलोत राज की 10 योजनाओं के नाम के नाम बदले:गहलोत राज में महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, कस्तूरबा गांधी के नाम चलाई गई 21 योजनाएं
गहलोत राज की 10 योजनाओं के नाम के नाम बदले:गहलोत राज में महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, कस्तूरबा गांधी के नाम चलाई गई 21 योजनाएं

जयपुर : भाजपा सरकार द्वारा पिछली अशोक गहलोत सरकार के समय चालू की गई योजनाओं के नाम बदलने का सिलसिला जारी है। 11 माह में 10 योजनाओं के नाम बदले गए। सबसे पहले हमला 1.35 करोड़ महिलाओं के दिए जाने वाले इंदिरा स्मार्ट फोन योजना पर किया गया। उसे बंद ही कर दिया। उसके बाद महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों पर हमले हुए, लेकिन विरोध और सदन के सत्र के कारण बदल नहीं पाए। सबसे अधिक पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम से चल रही योजनाओं के नाम बदले गए।
अब भी 13 योजनाएं महात्मा गांधी, पंडित नेहरु, इंदिरा, राजीव या कस्तूरबा के नाम चल रही हैं। लेकिन ये योजनाएं लोकप्रिय नहीं हैं, इसलिए उनको तत्काल बंद नहीं किया। सरकार की पाइप लाइन में हैं। जल्द आगामी बजट से पहले 4 और योजनाओं के नाम बदलने का प्लान है। गौरतलब है कि हाल ही शहरी बेरोजगारों के लिए गहलोत राज में चलाई 800 करोड़ की इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का नाम बदल कर मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना किया गया है।
कांग्रेस की इन योजनाओं को बंद कर दिया या नाम बदले गए
- हर घर की मुखिया महिला को इंदिरा स्मार्ट फोन योजना बंद कर दी गई।
- चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा का नाम बदल आयुष्मान आरोग्य योजना किया।
- इंदिरा रसोई योजना को बदल कर दोबारा से अन्नपूर्णा योजना नाम रखा गया।
- इंदिरा शहरी रोजगार गारंटी योजना का नाम बदल कर मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना किया गया। यह निर्णय एक दिन पहले ही सरकार ने किया है।
- मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना का नाम बदल पन्नाधाय बाल गोपाल योजना किया।
- राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना का नाम बदलकर स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना किया।
- राजीव गांधी जल स्वावलंबन योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना किया।
- मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का नाम बदल पं. दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना किया।
- इंदिरा महिला शक्ति उड़ान योजना, इंदिरा महिला शक्ति जागरूकता शिक्षा कार्यक्रम और इंदिरा महिला एवं बाल विकास शोध संस्थान योजना को मर्ज कर कालीबाई भील संबल योजना किया।
सबसे पहले इंदिरा स्मार्ट फोन योजना बंद की, फिर इंदिरा रसोई
कांग्रेस सरकार की योजनाओं में से सबसे अधिक पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के नाम की योजनाओं के नाम बदले गए। कुल 10 योजनाओं के नाम बदले, उनमें से 5 इंदिरा गांधी के नाम चल रही योजनाएं हैं। इंदिरा गांधी के नाम की एक योजना बंद कर दी। तीन को मर्ज कर दिया। बाकी के नाम बदले।
गहलोत ने भी अन्नपूर्णा को बदल इंदिरा रसोई किया था
पिछली सरकार में पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार के समय 8 रुपए में थाली की अन्नपूर्णा योजना लाई गई थी। पिछली गहलोत सरकार ने उसका नाम बदलकर इंदिरा रसोई किया था। अब बीजेपी सरकार चुन चुन कर योजनाएं बदल रही है।