[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

जसरापुर जीएसएस का मुख्य विद्युत ट्रांसफार्मर जला, 28 घंटे से जसरापुर अंधेरे में


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
खेतड़ीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

जसरापुर जीएसएस का मुख्य विद्युत ट्रांसफार्मर जला, 28 घंटे से जसरापुर अंधेरे में

5 फीडरों की विद्युत आपूर्ति ठप, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल, प्रदर्शन कर शीघ्र बहाली की मांग

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : विजेन्द्र शर्मा

खेतड़ी : उपखंड क्षेत्र के जसरापुर गांव स्थित जीएसएस पर लगा 3.15 एमवीए क्षमता का मुख्य विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से जसरापुर सहित पांच फीडरों की विद्युत आपूर्ति बुधवार दोपहर तक पिछले 28 घंटों से ठप रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण जसरापुर, पावटा, श्यामपुरा, रामा की ढाणी, छाबड़िया वाला तथा माताजी की ढाणी क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। लगातार बिजली गुल रहने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।

पानी की समस्या गहराई, विद्युत सप्लाई सुचारू करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है, जिससे पानी की समस्या गहरा गई है। वहीं किसानों के सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ई-मित्र संचालक राजेश जलन्द्रा ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण ई-मित्र केंद्रों पर विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों एवं अन्य ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े कार्य ठप पड़े हैं, जिससे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने के कारण निजी कंपनी का मोबाइल टावर भी बंद पड़ा है, जिससे मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।

बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने जसरापुर में विरोध प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ रोष जताया तथा शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में 28 घंटे तक बिजली बंद रहना गंभीर स्थिति है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने जसरापुर में विरोध प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ रोष जताया।

नया ट्रांसफार्मर जल्द होगा स्थापित

अजमेर डिस्कॉम खेतड़ी टाउन के जेईएन अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जसरापुर जीएसएस पर लगा 3.15 एमवीए क्षमता का मुख्य विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसके कारण पांच फीडरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। उन्होंने बताया कि नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध हो गया है तथा उसे स्थापित करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग की ओर से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शाम 6 बजे तक 32 घंटे पूरे, फिर भी नहीं आई बिजली

ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार शाम 6 बजे तक जसरापुर जीएसएस की विद्युत आपूर्ति बाधित हुए 32 घंटे पूरे हो चुके थे, लेकिन इसके बावजूद जसरापुर सहित पांच फीडरों में विद्युत सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी। विभाग द्वारा लगातार जल्द बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मोबाइल बने खिलौना, इनवर्टर भी दे गए जवाब

लगातार 32 घंटे तक विद्युत सप्लाई बाधित रहने के कारण ग्रामीणों के मोबाइल फोन भी लगभग खिलौना बनकर रह गए। बिजली नहीं होने से कई घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों का आपसी संपर्क प्रभावित रहा। वहीं निजी कंपनी का मोबाइल टावर बंद होने से नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं भी ठप रहीं। ऐसे में ग्रामीणों को संचार संबंधी कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रदर्शन के दौरान भली शर्मा, रामोतार अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, शुभम सेन, पूर्ण सिंह, नीरज सेन, धर्मेंद्र गुर्जर, गौरव टेलर, गौतम शर्मा, रितिक रोहिल्या, महिपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles