मामूली कहासुनी को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या:बंदूक लेकर घूमने पर टोका, पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामूली कहासुनी को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या:बंदूक लेकर घूमने पर टोका, पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

चूरू : चूरू जिले के राजलदेसर थाना क्षेत्र के परसनेउ गांव में बुधवार शाम टोपीदार बंदूक से गोली मारकर युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर रतनगढ़ डीएसपी अनिल कुमार पुरोहित और राजलदेसर थाने के एएसआई भगवान सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परसनेउ की रोही से मृतक का शव राजलदेसर अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया।
रतनगढ़ डीएसपी अनिल कुमार पुरोहित ने बताया कि परसनेऊ निवासी रामसिंह राजपूत (35) बुधवार शाम अपने खेत में था। तभी गांव का ही रामूराम मेघवाल खेत में टोपीदार बंदूक लेकर घूम रहा था। रामूराम के पास बंदूक देखकर रामसिंह ने टोकाटाकी की। जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौारान रामूराम मेघवाल ने बिना लाइसेंस की टोपीदार बंदूक से गोली मारकर रामसिंह की हत्या कर दी। हत्या के बाद रामूराम और लक्ष्मणराम मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोही में शव पड़ा देखा। पुलिस ने रामूराम मेघवाल और लक्ष्मणराम को हिरासत में ले लिया।
मौके पर पहुंची एफएसएल टीम डीएसपी अनिल कुमार पुरोहित ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में शाम को एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को राजलदेसर अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है।
बंदूक के लिए टोकना रहा हत्या का कारण राजलदेसर थानाधिकारी गीतारानी बिश्नोई ने बताया कि मृतक के ताउ के बेटे महावीर सिंह ने रिपोर्ट दी कि बुधवार शाम चचेरे भाई रामसिंह ने रामूराम मेघवाल के हाथ में बंदूक देखकर उसको टोक दिया था। इसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। बात यहां तक बढ़ गई कि रामूराम ने रामसिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रामूराम और लक्ष्मणराम को गिरफ्तार कर लिया है।