सरकारी अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा:विदेश से आए पिता से पुलिस ने की समझाइश, सौंपा शव
सरकारी अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा:विदेश से आए पिता से पुलिस ने की समझाइश, सौंपा शव

झुंझुनूं : झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में मंगलवार की रात प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और शव लेने से इनकार कर दिया।
बुधवार सुबह मृतका के पिता के दुबई से आने के बाद पुलिस ने समझाइश की, जिसके बाद परिजनों ने शव लिया।
जानकरी के अनुसार मृतका मनीषा (25) पत्नी दिनेश झुंझुनू के सिंघाना थाना क्षेत्र माकडा की रहने वाली थी। प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार की सुबह उसे राजकीय बीडीके अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लेकिन शाम को उसकी अचानक मौत हो गई। इसके बाद मनीषा के साथ आए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को लेने से इनकार कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान महिला के शव को अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। बुधवार सुबह मनीषा के पिता के दुबई से आने के बाद पुलिस ने समझाइश की। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों की सहमति के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। उन्हाेंने बताया कि किसी के खिलाफ रिपोर्ट नहीं दी गई है। मनीषा की एक साल पहले ही माकडा के दिनेश से शादी हुई थी। ये पहली डिलीवरी थी। दिनेश गांव में ही ई-मित्र की शॉप चलाता है।
परिजनों ने बताया कि वह कल शाम 4 बजे तक बिल्कुल स्वस्थ थी। लेकिन लेबर रूम में ले जाने के बाद अचानक उसकी मौत हो गई।