गोगामेड़ी हत्याकांड में हथियार सप्लायर पिलानी से गिरफ्तार:घर में चारे के अंदर छिपाए हुए 8 हथियार जब्त, NIA ने झेरली से पकड़ा
गोगामेड़ी हत्याकांड में हथियार सप्लायर पिलानी से गिरफ्तार:घर में चारे के अंदर छिपाए हुए 8 हथियार जब्त, NIA ने झेरली से पकड़ा

पिलानी : सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में हथियार सप्लाई करने के मामले में पिलानी से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जिसके पास से 8 हथियार भी जब्त किए गए है। आरोपी 30 से ज्यादा हथियार इलाके के अपराधियों को सप्लाई कर चुका है। NIA, DST चेन्नई और दिल्ली पुलिस की टीम ने पिलानी के झेरली में संयुक्त कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार अशोक मेघवाल के तार सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह से जुड़े हैं। बुधवार सुबह 7:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जांच कर रही एनआईए टीम अशोक को पिलानी थाने लेकर आई। इसके बाद उससे हथियारों की सप्लाई मामले को लेकर पूछताछ की गई। अशोक ने अपने गांव झेरली में घर पर भैंसों के बाड़े में चारे के अंदर 8 हथियार छिपाए हुए थे। एनआईए के उन्हें बरामद किया है।
हथियार सप्लाई के मामले में एनआईए द्वारा पकड़े गए आरोपी अशोक पुत्र धन्नाराम मेघवाल का पुराना पुलिस रिकॉर्ड भी सामने आया है। चोरी, नकबजनी, बंधक बना कर लूटपाट करने जैसे 30 से अधिक मामले उसके खिलाफ पहले से दर्ज हैं। आरोपी अशोक 2015 से 2018 तक चोरी के मामलों में जेल भी जा चुका है और 2018 के बाद से जमानत पर ही चल रहा है।
अशोक मेघवाल के भाई अजीत ने बताया कि 2013 से पहले उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। अशोक ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं है, लेकिन दक्ष मूर्तिकार है और 2007 से 2011 तक वो पिलानी बिरला म्यूजियम में डेली वेजेज पर काम भी कर चुका है। बाद में 2013 में अशोक ने पिलानी में ही त्रिवेणी प्याऊ पर रेडिमेड गारमेंट्स की शॉप की थी। इसी दौरान आरोपी अपने गांव के ही कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के सम्पर्क में आया था और फिर धीरे-धीरे खुद भी आपराधिक वारदातों में शामिल होने लगा। चोरी और लूटपाट की ज्यादातर वारदातें अशोक और उसके गिरोह ने बीकानेर, नागौर और बाड़मेर जिलों में की हैं।
अशोक के परिजनों ने बताया कि 2018 में जमानत पर जेल से वापस आने के बाद वो चोरी और लूटपाट का काम नहीं कर रहा था। हथियार सप्लाई के बारे में भी परिवार को कोई जानकारी नहीं थी। एनआईए की गिरफ्त में आया अशोक विवाहित है। जिसके 2 बच्चे हैं, जो गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं, पत्नी गृहिणी है। आजीविका के लिए घर पर भैंस है और छोटी-मोटी खेती-बाड़ी का काम करता है।
आरोपी को पकड़ने के बाद एनआईए की टीम ने उससे पिलानी थाने में ही पूछताछ की और उसके बाद उसे अपने साथ जयपुर ले गई। इस दौरान एनआईए और पुलिस की अन्य टीमों ने मीडिया को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी।