पीले कछुवे के चक्कर में ठगा गया इंसान:पुलिस ने छह लाख की ठगी के आरोपी को किया गिरफ्तार
पीले कछुवे के चक्कर में ठगा गया इंसान:पुलिस ने छह लाख की ठगी के आरोपी को किया गिरफ्तार

चिड़ावा : पीले रंग का कछुआ दिलवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से छह लाख रुपए हड़पने के आरोपी को चिड़ावा पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी विनोद सामरिया ने बताया कि मीणा की ढाणी, जसरापुर निवासी रामकरण ने थाने में रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि ओजटू निवासी नत्थू बावरिया उनके गांव में फसलों की रखवाली करता था। जिस कारण नत्थू बावरिया उनके घर आता रहता था। कुछ दिन पहले नत्थू बावरिया उसके घर पर आया। उसने पीड़ित को बताया कि अरड़ावता में उसकी जान-पहचान के व्यक्ति के पास पीला कछुआ है। जो कि बहुत महंगा बिकता है।
आरोपी ने झांसा देकर पीड़ित रामकरण को कछुआ दिलवाने की बात कही। जिस पर पीडि़त ने अरड़ावता रोड पर नत्थू बावरिया को कछुआ की एवज में छह लाख रुपए दे दिए। पीड़ित ने आरोपी को साथ चलने की बात कही तो उसने कहा कि कछुआ बेचने वाला आपको देखकर कछुआ नहीं देगा।
जिस पर पीड़ित अरड़ावता रोड पर ही रूक गया। बाद में आरोपी नत्थू बावरिया वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की धरपकड़ के लिए थानाधिकारी सामरिया के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। बाद में पुलिस ने आरोपी नत्थू को चिड़ावा से गिरफ्तार कर छह लाख रुपए बरामद कर लिए।
आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम में थानाधिकारी विनोद सामरिया, हैड कांस्टेबल बलवीर चावला, डीएसटी टीम से एएसआई शेरसिंह, कांस्टेबल सुरेंद्र काजला, अंकित ओला, सुनील, बुलेश, दिनेश, संदीप गांधी, अमित, विकास, रामनिवास आदि शामिल थे।