सूरजगढ़ में विधायक पुत्री सविता सिंह बनीं प्रधान, दो दशक बाद परिवार में लौटी प्रधानी
भाजपा के सुमित कुमार को आठ मतों से हराया, 15 में से 11 मत हासिल कर दर्ज की जीत; सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान
सूरजगढ़ : पंचायतीराज चुनाव में सूरजगढ़ पंचायत समिति के प्रधान पद पर कांग्रेस ने आठ मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। शुक्रवार को हुए प्रधान पद के चुनाव में सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार की पुत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी सविता सिंह ने भाजपा के सुमित कुमार को पराजित किया। सविता सिंह को 11 और सुमित कुमार को तीन मत प्राप्त हुए, जबकि एक मत निरस्त हो गया। सविता की जीत के साथ करीब दो दशक बाद विधायक श्रवण कुमार के परिवार में एक बार फिर प्रधानी लौटी है।
15 में से 11 मत हासिल कर बनीं प्रधान
निर्वाचन अधिकारी संदीप चौधरी की देखरेख में पंचायत समिति मुख्यालय पर प्रधान पद की निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। कांग्रेस ने वार्ड संख्या दो से निर्वाचित सविता सिंह को प्रत्याशी बनाया, जबकि भाजपा ने वार्ड संख्या 13 से निर्वाचित सुमित कुमार को चुनाव मैदान में उतारा। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही पाए जाने के बाद दोपहर तीन बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।
पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में कांग्रेस के 11, भाजपा के तीन और एक निर्दलीय सदस्य निर्वाचित हुए थे। सभी सदस्यों के निर्धारित समय से पहले मतदान करने के बाद मतगणना करवाई गई। इसमें सविता सिंह को 11 और सुमित कुमार को तीन मत मिले, जबकि एक मत निरस्त हुआ। निर्वाचन अधिकारी संदीप चौधरी ने सविता सिंह को आठ मतों से विजयी घोषित कर निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा और पद की शपथ दिलाई।
दो दशक बाद विधायक परिवार में लौटी प्रधानी
विधायक श्रवण कुमार के परिवार में करीब दो दशक बाद एक बार फिर प्रधान पद आया है। इससे पहले विधायक की पुत्रवधू अनीता भी सूरजगढ़ पंचायत समिति की प्रधान रह चुकी हैं। अब उनकी पुत्री सविता सिंह ने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया है।
जीत के बाद नवनिर्वाचित प्रधान सविता सिंह ने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र का विकास ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। वे विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच आई हैं और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगी। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस प्रशासन ने उन्हें उनके आवास तक पहुंचाया।
विधायक आवास और फार्म हाउस पर जश्न, उमड़े समर्थक
सविता सिंह के प्रधान निर्वाचित होने की सूचना मिलते ही विधायक श्रवण कुमार के आवास और फार्म हाउस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं समर्थकों का जमावड़ा लग गया। समर्थकों ने विधायक श्रवण कुमार और नवनिर्वाचित प्रधान सविता सिंह का मुंह मीठा करवाकर जीत की बधाई दी।
सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस की जीत
पंचायतीराज चुनाव में सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस ने प्रधान पद हासिल किया है। सूरजगढ़ के साथ बुहाना और सिंघाना पंचायत समितियों में भी कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित हुए हैं। तीनों पंचायत समितियों के परिणाम विधायक श्रवण कुमार के राजनीतिक क्षेत्र में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहे हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2577399
