झुंझुनूं में सफाई व्यवस्था बेपटरी, सड़कों पर कचरे के ढेर और गंदगी से अटी नालियां
नया नगर निकाय बोर्ड बनने के बाद भी नहीं सुधरे हालात, समय पर खाली नहीं हो रहे कचरा पात्र; निराश्रित मवेशियों के जमावड़े से हादसों का खतरा
झुंझुनूं : शहर में नया नगर निकाय बोर्ड बनने के बाद भी सफाई व्यवस्था में सुधार नजर नहीं आ रहा है। मान नगर, रोड नंबर दो सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। कचरा पात्रों को समय पर खाली नहीं करने से गंदगी सड़कों तक फैल रही है। वहीं नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से शहरवासियों को दुर्गंध और गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है।
शहरवासियों का कहना है कि कचरा संग्रहण करने वाले वाहन समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। कचरा पात्र भरने के बाद कचरा सड़कों पर बिखर जाता है। नियमित सफाई के अभाव में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कचरे के ढेर पर मवेशियों का जमावड़ा, हादसों की आशंका
सड़कों के किनारे जमा कचरा अब केवल गंदगी की समस्या नहीं, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। कचरे में भोजन तलाशने के लिए निराश्रित मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार ये मवेशी अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिमभरी है।

दुर्गंध से पैदल चलना भी हुआ दूभर
समय पर कचरा नहीं उठाने से आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध फैल रही है। राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के कारण मच्छर और मक्खियां पनपने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
नालियों की सफाई के नाम पर खानापूर्ति
शहरवासियों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। कई स्थानों पर सफाई के दौरान निकाला गया कचरा नालियों के किनारे ही छोड़ दिया जाता है। बाद में यही कचरा वापस नालियों में पहुंच जाता है, जिससे सफाई का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाता। नालियों से उठती दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों का भी हाल बेहाल है।
नई शहरी सरकार से उम्मीद, धरातल पर नहीं दिख रहा बदलाव
नया नगर निकाय बोर्ड बनने के बाद शहरवासियों को सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन कई इलाकों में हालात जस के तस बने हुए हैं। शहरवासियों ने नगर परिषद से नियमित कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई और निराश्रित मवेशियों की समस्या का समाधान करवाने की मांग की है। अब सवाल यह है कि आखिर शहरवासियों को गंदगी और अव्यवस्थाओं से कब निजात मिलेगी?
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2568398
