सीकर की पांच पंचायत समितियों में 4.02 लाख मतदाता करेंगे मतदान
431 मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना, 14 नवंबर को ईवीएम से होगा जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव
सीकर : पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत शनिवार को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को जिले की पांच पंचायत समितियों के 431 सक्रिय मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण और मतदान सामग्री उपलब्ध करवाने के बाद श्री कल्याण राजकीय कन्या महाविद्यालय, सीकर से निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, नेछवा और बलांरा पंचायत समितियों के मतदान दल देर शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे।
मतदान दलों की रवानगी से पहले आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में अधिकारियों ने कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान करवाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन नियमों और दिशा-निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित करने को कहा।
431 मतदान केंद्रों पर 4 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि पांच पंचायत समितियों के 431 मतदान केंद्रों पर कुल 4 लाख 2 हजार 260 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें बलांरा पंचायत समिति के 73 मतदान केंद्रों पर 69 हजार 387, फतेहपुर के 96 केंद्रों पर 87 हजार 215, लक्ष्मणगढ़ के 99 केंद्रों पर 90 हजार 650, नेछवा के 84 केंद्रों पर 79 हजार 672 तथा रामगढ़ शेखावाटी के 79 केंद्रों पर 75 हजार 336 मतदाता मतदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण में 14 नवंबर, शनिवार को जिले की पांच पंचायत समितियों के साथ जिला परिषद सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान करवाया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 से शाम 6 बजे तक रहेगा।

16 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान
पंच एवं सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतपत्रों के माध्यम से मतदान होगा। इन पदों की मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी। वहीं, उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर को होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने शुक्रवार को रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, नेछवा और बलांरा पंचायत समितियों के मतदान दलों के प्रशिक्षण एवं रवानगी स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मतदान दलों को निर्वाचन नियमों के अनुसार प्रक्रिया संपन्न करवाने तथा मतदान सामग्री की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद मतदान सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं की दोबारा जांच कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इस दौरान स्वीप एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी राजपाल यादव सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी, संबंधित पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी, तहसीलदार एवं विकास अधिकारी मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2533841
