पहले बहू ने किया सलाम, अब ससुर ने पढ़ा कलमा; चूरू में राजेंद्र राठौड़ परिवार के वीडियो चर्चा में
पिथिसर में भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह के समर्थन में सभा के दौरान राजेंद्र राठौड़ ने दिया धार्मिक सद्भाव का संदेश, बोले- खुदा और भगवान अलग-अलग नहीं
चूरू : पंचायती राज चुनाव के प्रचार के बीच चूरू जिला परिषद के वार्ड संख्या 23 का चुनावी मुकाबला चर्चा में आ गया है। भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का कलमा पढ़ते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे पहले उनकी बहू और भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह राठौड़ का सलाम वालेकुम का जवाब देते हुए वीडियो भी सामने आया था। अब दोनों वीडियो को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा हो रही है।
राजेंद्र राठौड़ ने पिथिसर गांव में जिला परिषद वार्ड 23 से भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कलमा पढ़ते हुए धार्मिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खुदा और भगवान अलग-अलग नहीं हैं, दोनों एक ही हैं। हम सब एक हैं और सभी के शरीर में एक जैसा खून बहता है।
कलमा पढ़कर दिया धार्मिक सद्भाव का संदेश
सभा में राजेंद्र राठौड़ ने धार्मिक सद्भाव का संदेश देने वाली पंक्तियां भी सुनाईं। उन्होंने कहा, “ईश्वर-अल्लाह तेरा नाम, सबको सन्मति दे भगवान। जात-पात पूछे ना कोई, हरि को भजे सो हरि का होय।” उन्होंने धर्म के आधार पर लोगों को अलग-अलग नहीं समझने और आपसी भाईचारे के साथ रहने की बात कही। उनका यह संबोधन सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
बहू कनिका सिंह के अभिवादन का वीडियो भी हुआ था वायरल
इससे पहले पिथिसर गांव में चुनाव प्रचार के दौरान कनिका सिंह राठौड़ का वीडियो सामने आया था। सभा में एक व्यक्ति ने उन्हें ‘सलाम वालेकुम’ कहकर अभिवादन किया तो कनिका सिंह ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। उनके जवाब पर सभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। इसके बाद यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया था।
वार्ड 23 में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
चूरू जिला परिषद के वार्ड संख्या 23 से भाजपा ने कनिका सिंह राठौड़ को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से आशा स्वामी चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सांसद राहुल कस्वां और विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे रफीक मंडेलिया भी चुनावी सभाएं कर रहे हैं।
चुनाव प्रचार के बीच पहले कनिका सिंह के अभिवादन और अब राजेंद्र राठौड़ के कलमा पढ़ने वाले वीडियो ने इस वार्ड की चुनावी गतिविधियों को चर्चा में ला दिया है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2533397


