अग्निवीर बेटे की पार्थिव देह से लिपटकर बिलख पड़ी मां, पिता बोले- बेटे को देश के नाम कर दिया, गर्व है
चूरू से पीथीसर तक 22 किलोमीटर निकली तिरंगा यात्रा, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार; 4 महीने पहले सेना में भर्ती हुए थे महेश
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिले के पीथीसर गांव के ट्रेनी अग्निवीर महेश कुमार मुहाल (21) को रविवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। ओडिशा के ब्रह्मपुर स्थित आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को महेश का निधन हो गया था। रविवार को उनकी पार्थिव देह गांव पहुंची तो मां बेटे के शव से लिपटकर बिलख पड़ीं। पिता लालचंद ने बेटे को सेल्यूट करते हुए कहा – “मैंने अपने बेटे को देश के नाम कर दिया है, मुझे गर्व है।”
महेश की अंतिम विदाई में पूरा गांव उमड़ पड़ा। चूरू से पीथीसर तक करीब 22 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। रास्तेभर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धांजलि दी और ‘महेश कुमार अमर रहे’ के नारों से माहौल गूंज उठा।
चूरू से पीथीसर तक निकली 22 किमी तिरंगा यात्रा
महेश की पार्थिव देह रविवार सुबह करीब 9:30 बजे सेना की गाड़ी से दिल्ली से चूरू पहुंची। यहां से पीथीसर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों युवा और ग्रामीण सेना की गाड़ी के आगे-पीछे तिरंगा लेकर चल रहे थे।

रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर महेश को श्रद्धांजलि दी। गांव घंटेल से युवाओं ने करीब 100 मीटर लंबा तिरंगा अपने कंधों पर उठाकर महेश के घर तक पहुंचाया। इस दौरान ‘महेश कुमार अमर रहे’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, महेश तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारे गूंजते रहे।
मां बेटे से लिपटकर रोईं, पिता ने कहा- मुझे गर्व है
महेश का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे को तिरंगे में लिपटा देखकर मां बिलख पड़ीं। परिवार के अन्य सदस्यों की आंखें भी नम थीं। पिता लालचंद ने बेटे को अंतिम सलाम करते हुए कहा, “मैंने अपने बेटे को देश के नाम कर दिया है। मुझे इस पर गर्व है।” पिता के इन शब्दों ने वहां मौजूद ग्रामीणों को भी भावुक कर दिया।


राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
पीथीसर में महेश का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। टू राज राइफल सेंटर, बीकानेर से पहुंचे जवानों ने नायब सूबेदार विजयपाल सैनी और नायब सूबेदार बजरंग सिंह की मौजूदगी में गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सैन्य सम्मान के बाद सेना के अधिकारियों ने तिरंगा ध्वज महेश के पिता लालचंद को सौंपा। इसके बाद छोटे भाई निर्मल ने अपने बड़े भाई को मुखाग्नि दी। इस दौरान वहां मौजूद परिजन, ग्रामीण और जवान भावुक नजर आए।

अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीण ने दी आधा बीघा जमीन
महेश के अंतिम संस्कार के लिए पीथीसर निवासी राकेश मुहाल ने अपने खेत की आधा बीघा जमीन उपलब्ध कराई। इसी जमीन पर राजकीय सम्मान के साथ महेश का अंतिम संस्कार किया गया। राकेश के इस कदम की ग्रामीणों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि गांव के बेटे को अंतिम विदाई देने के लिए जमीन उपलब्ध कराना उनकी संवेदनशीलता और अपनत्व को दर्शाता है।

ट्रेनिंग के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
परिजनों के अनुसार, महेश ओडिशा के गोपालपुर में ट्रेनिंग ले रहे थे। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें बुखार आया और बाद में बेहोशी की हालत में ब्रह्मपुर स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता लालचंद के अनुसार, डॉक्टरों की जांच में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी, हालांकि लक्षण डेंगू जैसे बताए गए थे। बेटे की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर पिता ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में सादुलपुर पहुंचने पर उन्हें महेश के निधन की सूचना मिली।
चार महीने पहले ही सेना में भर्ती हुए थे महेश
महेश कुमार मुहाल करीब चार महीने पहले भारतीय सेना की आर्टिलरी एयर डिफेंस में भर्ती हुए थे और ओडिशा के गोपालपुर में प्रशिक्षण ले रहे थे। कम समय में ही उन्होंने परिवार और गांव में सेना में सेवा को लेकर पहचान बनाई थी।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम विदाई के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, पूर्व विधायक रफीक मंडेलिया, भाजपा नेता देवेंद्र झाझड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे। सभी ने पुष्पचक्र अर्पित कर महेश को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

महेश का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर महिलाओं और बच्चों ने भी घरों की छतों से पुष्प वर्षा की। स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण रास्ते में खड़े होकर अपने गांव के युवा अग्निवीर को अंतिम विदाई देते नजर आए। तिरंगे में लिपटे गांव के लाडले को विदा करते समय पूरा पीथीसर शोक में डूबा रहा। देशसेवा के लिए सेना में भर्ती हुए महेश की अंतिम विदाई का दृश्य लंबे समय तक ग्रामीणों की स्मृतियों में रहेगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2458916


