70वीं जिला स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता में रेफरी के फैसलों पर उठे सवाल
बास-ढाकान टीम के कोच ने गलत निर्णय का लगाया आरोप, खिलाड़ियों से अभद्र व्यवहार का भी दावा; जांच की मांग
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जैतपुरा में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में बास-ढाकान की टीम के खिलाफ मैच रेफरी के कथित फैसलों को लेकर विवाद सामने आया है। बास-ढाकान टीम के कोच देवेन्द्र लाम्बा ने रेफरी पर गलत निर्णय देने का आरोप लगाते हुए प्रतियोगिता की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
लाम्बा के अनुसार मैच के दौरान बास-ढाकान की टीम के खिलाफ तीन बार किक को ऑफसाइड करार दिया गया, जबकि उनके अनुसार संबंधित खिलाड़ी किक मारने वाले खिलाड़ी से पीछे थे। कोच का आरोप है कि मैच के दौरान नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। उन्होंने कई बार रेफरी को इस संबंध में अवगत कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया।
खिलाड़ियों से अभद्र व्यवहार का आरोप
कोच देवेन्द्र लाम्बा ने आरोप लगाया कि मैच के दौरान कुछ ग्रामीण मैदान के अंदर पहुंच गए और बास-ढाकान टीम के खिलाड़ियों के साथ गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने दावा किया कि स्थिति इस हद तक बिगड़ गई कि खिलाड़ी स्वयं को बचाते हुए किसी तरह मैदान से बाहर निकले।
लाम्बा के अनुसार इसी दौरान उन्होंने आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया, लेकिन उनके अनुसार तत्काल अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मैच के दौरान महिला खिलाड़ियों के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
दो साल से विजेता रही है टीम
कोच लाम्बा ने बताया कि बास-ढाकान की टीम पिछले दो वर्षों से जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रही है। उनका आरोप है कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम के साथ इस तरह का व्यवहार खेल प्रतिभाओं के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने प्रतियोगिता में नियुक्त मैच रेफरी राजवीर और दूसरे रेफरी रोहितास की भूमिका की जांच की मांग की है। लाम्बा का दावा है कि इन रेफरियों को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
जांच की मांग
कोच ने आरोप लगाया कि यदि जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में नियमों और निर्णयों की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो इसका सीधा असर खिलाड़ियों के मनोबल पर पड़ता है। उन्होंने संबंधित खेल अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मैच के निर्णयों की समीक्षा करने तथा खिलाड़ियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, रेफरी और प्रतियोगिता आयोजकों का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2395532


