वन विभाग में 3.37 लाख रुपए गबन:कनिष्ठ सहायक पर FIR, रसीद काटने के बाद भी राशि सरकारी खाते में जमा नहीं हुई
वन विभाग में 3.37 लाख रुपए गबन:कनिष्ठ सहायक पर FIR, रसीद काटने के बाद भी राशि सरकारी खाते में जमा नहीं हुई
झुंझुनूं : झुंझुनूं वन विभाग में 3.37 लाख रुपए की निविदा प्रतिभूति राशि कथित तौर पर राजकोष में जमा नहीं करने के मामले में कनिष्ठ सहायक प्रहलाद सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, फर्म से राशि लेने और रसीद जारी करने के बावजूद रकम सरकारी खाते में जमा नहीं हुई। राशि जमा कराने के निर्देश के बाद भी कर्मचारी के कार्यालय नहीं पहुंचने पर डीएफओ की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में बीएनएस की धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
फर्म बोली- राशि जमा कराई, लेकिन सरकारी खाते में नहीं पहुंची
एफआईआर के अनुसार, वन विभाग की ओर से जारी निविदाओं की समीक्षा के दौरान 24 अगस्त को यह मामला सामने आया। सफल निविदाकार शारदा इंटरप्राइजेज ने विभाग को बताया कि उसने प्रतिभूति राशि के रूप में 3.37 लाख रुपए कार्यालय में जमा कराए थे। इसके बदले फर्म को विभाग की जीए-55 रसीद भी दी गई थी।
जब विभाग ने राजकोष में राशि जमा होने की पुष्टि कराई तो पता चला कि संबंधित रकम सरकारी खाते में जमा ही नहीं हुई है। इसके बाद विभागीय स्तर पर मामले की जांच शुरू की गई।
पूछताछ में रकम लेने की बात स्वीकार करने का दावा
उप वन संरक्षक की रिपोर्ट के अनुसार, स्टोर शाखा प्रभारी एवं कनिष्ठ सहायक प्रहलाद सिंह से पूछताछ की गई। इस दौरान उसने स्वीकार किया कि राशि उसी ने प्राप्त की थी। रिपोर्ट के अनुसार, जीए-55 रसीद पर सहायक वन संरक्षक की मोहर लगाकर स्वयं हस्ताक्षर भी किए गए थे।
इसके बाद विभाग ने उसे बैंक चालान के माध्यम से राशि जमा कराने और चालान की रसीद 25 अगस्त तक कार्यालय में पेश करने के निर्देश दिए थे। साथ ही उसे कार्यालय में उपस्थित होने को भी कहा गया था।
न राशि जमा कराई, न कार्यालय पहुंचा
रिपोर्ट में कहा गया है कि तय समय बीत जाने के बावजूद प्रहलाद सिंह ने न तो राशि जमा कराने का चालान पेश किया और न ही कार्यालय में उपस्थित हुआ। 26 अगस्त तक उसके कार्यालय नहीं पहुंचने और राशि जमा नहीं होने पर विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए सरकारी धन के गबन की आशंका जताई।
डीएफओ की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में FIR
उप वन संरक्षक की लिखित रिपोर्ट सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुनील स्वामी ने कोतवाली थाने में पेश की। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक हिदायत अली को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाएगी कि राशि का उपयोग कहां किया गया और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
क्या है पूरा मामला
वन विभाग की निविदा में सफल फर्म शारदा इंटरप्राइजेज ने 3.37 लाख रुपए की प्रतिभूति राशि जमा कराई और फर्म को जीए-55 रसीद भी जारी की गई। विभागीय जांच में पता चला कि यह राशि राजकोष में जमा नहीं हुई। रिपोर्ट के अनुसार, कनिष्ठ सहायक प्रहलाद सिंह ने रकम लेने की बात स्वीकार की। राशि जमा कराने और चालान पेश करने के निर्देश के बावजूद वह कार्यालय नहीं पहुंचा। अब डीएफओ की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2350595