सावन की फुहारों के बीच सजेगा ‘लहरिया-2026’
परंपरा, संस्कृति और मस्ती का अनूठा संगम बनेगा स्त्री शक्ति समूह का आयोजन, तैयारियां जोरों पर
झुंझुनूं : सावन की हरियाली, राजस्थान की लोक संस्कृति, रंग-बिरंगे लहरिया परिधान और महिलाओं की उमंग… इन सभी का अनूठा संगम इस बार ‘लहरिया-2026’ में देखने को मिलेगा। स्त्री शक्ति समूह की ओर से 1 अगस्त को झुंझुनूं जिला मुख्यालय स्थित जमुना रिसोर्ट में इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और आयोजन समिति इसे पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं यादगार बनाने में जुटी हुई है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम में राजस्थान की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत और सावन के उल्लास को जीवंत रूप दिया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे पारिवारिक जिम्मेदारियों से कुछ समय निकालकर अपनी संस्कृति, परंपराओं और आपसी आत्मीयता का उत्सव मना सकें। कार्यक्रम में महिलाएं केवल लहरिया साड़ी ही नहीं, बल्कि लहरिया लहंगा-चुन्नी, सूट एवं अन्य पारंपरिक परिधानों में भी शामिल होंगी। रंग-बिरंगे परिधानों से पूरा आयोजन स्थल सावन के रंगों से सराबोर नजर आएगा। पारंपरिक लोकगीतों और आधुनिक संगीत के बीच महिलाएं उत्साह के साथ इस उत्सव का आनंद लेंगी। करीब तीन से चार घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जयपुर से आने वाले डीजे की धुनों पर महिलाएं जमकर झूमेंगी।
आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण ‘फ्लोर डांस इन लहरिया’ रहेगा, जहां पारंपरिक परिधानों में महिलाएं सामूहिक रूप से नृत्य कर सावन के उत्साह को यादगार बनाएंगी। इसके अलावा मनोरंजन के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियां और फन गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों में डॉ. मीना शेखावत, सुमन मील, ललित राठौड़, रविता झाझड़िया, डॉ. शालू टीबड़ा और सुनीता टीबड़ा सहित स्त्री शक्ति समूह की अनेक सदस्य सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के बीच सामाजिक जुड़ाव, सांस्कृतिक संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का भी एक सशक्त माध्यम है। आयोजकों का मानना है कि ‘लहरिया-2026’ एक बार फिर झुंझुनूं में सावन उत्सव की नई पहचान बनेगा और महिलाओं के लिए यादगार अनुभव लेकर आएगा।
नई बहुओं और पीहर आई बेटियों के लिए खास सरप्राइज
आयोजन समिति ने इस बार नई नवेली बहुओं और सावन में पीहर आई बेटियों के लिए विशेष सरप्राइज मोमेंट्स तैयार किए हैं। इसके साथ ही आकर्षक झूले, सावन थीम पर भव्य सजावट, सेल्फी पॉइंट और स्वादिष्ट व्यंजनों से सजा फूड कॉर्नर भी महिलाओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। ‘लहरिया-2026’ को लेकर झुंझुनूं शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति का लक्ष्य इस बार कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप देना है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2272885


