“हाजीखाना” की सामाजिक परिपाटी को बदलकर समाज के सामने पेश किया नवाचार
माखर के शब्बीर खां ने हज करके लौटने की खुशी में हाजीखाना की जगह बनाया ट्यूबवेल, विभाग को किया सुपुर्द...अब माखर के ग्रामीण नहीं रहेंगे प्यासे, ग्रामीणों को पानी के लिए भटकते देख लिया फैसला
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद आरिफ चंदेल
इस्लामपुर : अक्सर लोग हज करके लौटने की खुशी में एक बड़े भोज और पार्टी का आयोजन करते हैं जिसे “हाजी खाना” कहा जाता है। माखर गांव के शब्बीर खान अभी हाल ही में हज करके लौटे हैं। हज के मुकद्दस सफर से लौटने के बाद ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों को उम्मीद थी कि अब जल्द ही शब्बीर खान हज करने की खुशी में हाजीखाना करेंगे मगर उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। सामाजिक परिपाटी को बदलते हुए उन्होंने समाज के सामने एक नवाचार पेश किया जिसकी इन दिनों गांव में खूब चर्चा हो रही है। शब्बीर खान ने हज करके लौटने के बाद माखर गांव में एक ट्यूबवेल बनाकर विभाग को सुपुर्द कर दिया। ट्यूबवेल बनाने से पानी की कमी से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

ग्रामीणों को पानी के लिए भटकते देख लिया फैसला
हाजी शब्बीर खान ने बताया कि माखर गांव में काफी लंबे समय से पीने के पानी की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीण पीने के पानी के लिए दर-दर भटकते रहते थे। ग्रामीणों को पानी के लिए भटकते देख शब्बीर खान का दिल पसीजा और उन्होंने उसी वक्त यह फैसला कर लिया कि मैं जब भी हज करके वापस लौटूंगा तो हाजीखाने (पार्टी) की जगह गांव में ट्यूबवेल बनाऊंगा। अपने इस फैसले पर कायम रहते हुए हज से लौटने पर शब्बीर खान ने गांव में ट्यूबवेल बनाकर जलदाय विभाग को सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि नया ट्यूबवेल बनाने से गांव में पानी की समस्या का समाधान होगा और लोगों को पीने के पानी की समस्या से निजात मिलेगी।
ट्यूबवेल बनाने पर ग्रामीणों ने किया स्वागत
हज से लौटने के बाद गांव में ट्यूबवेल बनाने पर ग्रामीणों ने शब्बीर खान को साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर उनका और उनके परिजनों का सम्मान किया। इस पुण्य कार्य के लिए ग्रामीणों ने खुशी का इजहार कर शब्बीर खान का आभार व्यक्त किया। इन अवसर पर अजीज खां मंड्रेला, दीपक गुप्ता, गुलाम खान तंवर, मकबूल खान, जफर खान, शेर मोहम्मद तंवर, आमिर खान, शकील तंवर, शरीफ खान, निसार खान, यासीन खान, भवानी सिंह, नौशाद खान, भंवरु खान, उम्मेद खान व शेर मो. सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2253460


