[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

चूरू में वरिष्ठ पत्रकार पर जानलेवा हमला, नशे के खिलाफ आवाज उठाने के बाद हुई वारदात


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

चूरू में वरिष्ठ पत्रकार पर जानलेवा हमला, नशे के खिलाफ आवाज उठाने के बाद हुई वारदात

चूरू में वरिष्ठ पत्रकार पर जानलेवा हमला, नशे के खिलाफ आवाज उठाने के बाद हुई वारदात

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान

चूरू : जिला मुख्यालय पर वरिष्ठ पत्रकार एवं एक समाचार पत्र के संवाददाता राजेंद्र सिंह शेखावत पर शनिवार देर रात कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल पत्रकार को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने रविवार को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस को दिए परिवाद के अनुसार, राजेंद्र सिंह शेखावत ने कुछ दिन पहले एफसीआई गोदाम के सामने स्थित बड़ के बालाजी मंदिर परिसर में खुलेआम गांजा-चिलम पीने की सूचना नशामुक्ति हेल्पलाइन पर दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस कार्रवाई का वीडियो शेखावत ने सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसके बाद उन्हें कथित रूप से धमकियां मिलने लगीं। इसके चलते उन्होंने वीडियो भी हटा दिया।

परिवाद में बताया गया कि शनिवार रात भोजन के लिए जाते समय मंदिर के पास 10 से 15 लोगों ने उन्हें घेर लिया और वीडियो बनाने व सोशल मीडिया पर डालने को लेकर धमकाया। आसपास लोगों के एकत्र होने पर वे वहां से निकल गए।

आरोप है कि रात को भोजन कर लौटते समय केंद्रीय कारागृह के सामने पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने पीछे से लाठी से उन पर हमला कर दिया। सिर बचाने के प्रयास में उन्होंने हाथ आगे किया, जिससे उनके दाहिने हाथ पर लगातार तीन वार लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने घायल पत्रकार को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles