EWS आरक्षण की भूमि-भवन पात्रता शर्तें हटाने की मांग तेज, झुंझुनूं में 28 जून को होगी जनसभा
EWS आरक्षण की भूमि-भवन पात्रता शर्तें हटाने की मांग तेज, झुंझुनूं में 28 जून को होगी जनसभा
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) आरक्षण में लागू भूमि एवं भवन संबंधी पात्रता शर्तों को हटाने की मांग को लेकर EWS जन जागृति मंच के तत्वावधान में रविवार सुबह 10 बजे झुंझुनूं के रोड नंबर-1 स्थित शार्दुल छात्रावास में जनसभा आयोजित की जाएगी। जनसभा को राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं मंच के संयोजक धर्मेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई वक्ता संबोधित करेंगे। इस दौरान EWS आरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
भूमि और भवन की शर्तों पर उठे सवाल
मंच के यशवर्धन सिंह शेखावत ने बताया कि केंद्र सरकार के EWS आरक्षण के तहत लागू भूमि एवं भवन संबंधी पात्रता शर्तों के कारण बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार आरक्षण के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उनका कहना है कि राज्य सरकार ने इन शर्तों में राहत देकर कई परिवारों को लाभ पहुंचाया है, जबकि केंद्र सरकार को भी इन प्रावधानों को सरल एवं न्यायसंगत बनाना चाहिए, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को आरक्षण का लाभ मिल सके।
अनारक्षित वर्ग के कई समाजों का मुद्दा
उन्होंने बताया कि EWS वर्ग में ब्राह्मण, वैश्य, राजपूत, कायस्थ, सिंधी, पंजाबी, शेख, सैयद, पठान, मुगल, कायमखानी सहित संपूर्ण अनारक्षित वर्ग शामिल है। ऐसे में यह किसी एक समाज, संगठन या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे अनारक्षित वर्ग और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है।
मंच के अनुसार इस मुद्दे पर पहले भी विभिन्न स्थानों पर सभाएं आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वहीं सांसद राव राजेंद्र सिंह भी इस विषय को प्राइवेट मेंबर बिल के माध्यम से संसद में उठा चुके हैं।
जनसभा में EWS आरक्षण से जुड़ी वर्तमान चुनौतियों, कानूनी पहलुओं और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। EWS जन जागृति मंच ने समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में भाग लेकर इस जनहित अभियान को मजबूत बनाने की अपील की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2230085

