बिसाऊ में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई नीट परीक्षा
जिले का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र बना सेठ दुर्गादत्त जटिया विद्यालय, 469 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : लतीफ खान
बिसाऊ : बिसाऊ कस्बे के सेठ दुर्गादत्त जटिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित नीट (NEET) परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस प्रशासन सीआई शेर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सुबह से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक मुस्तैदी से तैनात रहा।
यह परीक्षा केंद्र झुंझुनूं जिले का सबसे बड़ा केंद्र रहा, जहां कुल 504 परीक्षार्थियों का सेंटर बनाया गया था। इनमें से 35 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 469 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा केंद्र पर प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने में तहसीलदार शेर सिंह राठौड़, पुलिस प्रशासन, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील सुरा, विद्यालय स्टाफ तथा पालिका कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सामाजिक संगठनों ने की विशेष व्यवस्थाएं
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्र के बाहर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराईं। आपणी गौशाला की ओर से फिल्टर पानी, टेंट, गद्दे, चाय, बिस्कुट एवं कूलर की व्यवस्था की गई।
वहीं पूर्व पालिका अध्यक्ष हारून खत्री द्वारा भी टेंट, कूलर, गद्दे, फिल्टर पानी तथा गन्ने के जूस की निशुल्क व्यवस्था करवाई गई। अभिभावकों ने इन व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि बिसाऊ में उपलब्ध सुविधाएं अन्य परीक्षा केंद्रों की तुलना में काफी बेहतर रहीं।
बच्चों की सफलता के लिए मांगी मन्नत
परीक्षा के दौरान एक अभिभावक कस्बे के ऐतिहासिक शिवाजी मूर्ति स्थल पर अपने बच्चे की सफलता के लिए मन्नत मांगते नजर आए। वहीं चिड़ावा से आए एक अभिभावक ने नीट परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोबारा परीक्षा की तैयारी से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त मानसिक दबाव पड़ा है।
प्रशासन और व्यवस्थाओं की हुई सराहना
परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भीषण गर्मी के बावजूद परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन तथा सामाजिक संगठनों द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को सराहनीय बताते हुए आभार व्यक्त किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2220882


