वाहन एवं सारथी सेवाओं के ऑनलाइन निस्तारण हेतु इनवर्ड आईडी बंद करने के निर्देश
अब RTO कार्यालय जाने की जरूरत नहीं, वाहन और सारथी सेवाओं के आवेदन घर बैठे होंगे ऑनलाइन
झुंझुनूं : परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा के निर्देशानुसार वाहन और सारथी पोर्टल की अधिकांश सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके तहत वाहन पोर्टल की 26 तथा सारथी पोर्टल की 32 सेवाएं सिटीजन पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई हैं, जिनका लाभ अब नागरिक ई-केवाईसी (e-KYC) के माध्यम से घर बैठे उठा सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत आवेदकों को इन सेवाओं के लिए आवेदन इनवर्ड करवाने हेतु आरटीओ या डीटीओ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक स्वयं सिटीजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
परिवहन विभाग ने इन सेवाओं के लिए कार्यालयों में संचालित सभी इनवर्ड आईडी तत्काल प्रभाव से बंद (डिसेबल) करने के निर्देश जारी किए हैं। केवल विशेष एवं अत्यावश्यक परिस्थितियों में संबंधित जिला परिवहन अधिकारी (DTO) अथवा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) की आईडी से आवेदन इनवर्ड किए जा सकेंगे, जिसकी निगरानी मुख्यालय स्तर पर की जाएगी।
झुंझुनूं एवं खेतड़ी जिला परिवहन कार्यालय हरियाणा सीमा से जुड़े होने के कारण यहां अन्य राज्यों से अस्थायी पंजीयन (टेम्परेरी रजिस्ट्रेशन) पर आने वाले वाहनों तथा वाहन असाइनमेंट से जुड़े मामलों में व्यावहारिक कठिनाइयों की संभावना जताई गई है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में ऐसी कुछ सेवाएं सिटीजन पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं। इस संबंध में मुख्यालय को पत्र भेजकर समाधान एवं आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से परिवहन सेवाओं के डिजिटलीकरण को बढ़ावा मिलेगा, पारदर्शिता बढ़ेगी तथा आम नागरिकों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे। साथ ही लोगों को घर बैठे सुविधाएं उपलब्ध होने से सरकारी कार्यालयों में भीड़ भी कम होगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2176696


