[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

उद्यान विभाग के नए भवन का लोकार्पण, वंदे गंगा अभियान के तहत किसान संगोष्ठी आयोजित


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

उद्यान विभाग के नए भवन का लोकार्पण, वंदे गंगा अभियान के तहत किसान संगोष्ठी आयोजित

उद्यान विभाग के नए भवन का लोकार्पण, वंदे गंगा अभियान के तहत किसान संगोष्ठी आयोजित

झुंझुनूं : झुंझुनूं में उप निदेशक उद्यान विभाग को सोमवार को नया स्थायी कार्यालय भवन मिल गया। छह कमरों और एक बड़े हॉल से सुसज्जित नवीन भवन का लोकार्पण विधायक राजेंद्र भांबू तथा जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने किया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि नए भवन के निर्माण से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसानों को योजनाओं तथा तकनीकी मार्गदर्शन का बेहतर लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने और किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने में यह भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जन आंदोलन है। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि नए भवन से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पानी का सदुपयोग करना समय की आवश्यकता है तथा प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए जल संरक्षण अनिवार्य है।

इस अवसर पर वंदे गंगा अभियान के तहत प्रगतिशील किसानों की संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को ‘पर ड्रॉप, मोर क्रॉप’ की अवधारणा समझाते हुए पानी की प्रत्येक बूंद से अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने की तकनीकों की जानकारी दी तथा सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में लघु एवं सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों तथा सौर ऊर्जा संयंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। किसानों ने आधुनिक जल संरक्षण तकनीकों और कृषि नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने वाले किसानों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा किसानों को चंदन के पौधे वितरित किए गए। दीपिका नर्सरी, सोलाना द्वारा पौधों की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. विजयपाल कस्वा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेंद्र लांबा, सहायक निदेशक सुमन कस्वा, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दयानंद, कृषि विस्तार उपनिदेशक डॉ. संध्या ढाका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद फगेड़िया ने किया।

Related Articles