सपनों को उम्र और शादी की बेड़ियां मंजूर नहीं, उदयपुरवाटी की मीनाक्षी बनीं ‘मिसेज़ राजस्थान’ रनर-अप
शादी जीवन का अंत नहीं, नई शुरुआत है...' 1700 महिलाओं को पीछे छोड़ मीनाक्षी विश्वास ने जीता 'रेडिएंट स्किन' का ताज
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : जब इरादे फौलादी हों, तो घूंघट और बंदिशें खुद-ब-खुद पीछे छूट जाती हैं। शेखावाटी की इस बेटी ने रूढ़ियों को तोड़कर रैंप पर अपनी कामयाबी का परचम लहराया है। उदयपुरवाटी के वार्ड 21 निवासी डॉ. तपन कुमार विश्वास की सुपुत्री मीनाक्षी विश्वास ने जयपुर में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय सौंदर्य प्रतियोगिता में ‘मिसेज़ राजस्थान 2026’ (4th Runner-Up) का खिताब जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इसके साथ ही मीनाक्षी ने अपनी बेदाग खूबसूरती के लिए ‘Mrs Radiant Skin 2026’ का मुख्य टाइटल भी अपने नाम किया है।
7 दिनों के कठिन दौर और 1700 का कॉम्पिटिशन
फ्यूज़न ग्रुप द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित पेजेंट का सफर मीनाक्षी के लिए कांटों भरा मगर रोमांचक था। पूरे राजस्थान से करीब 1700 शादीशुदा महिलाओं ने इस खिताब के लिए ऑडिशन दिया था। उन्होंने 18 मई को हुए टैलेंट राउंड को जीतकर मीनाक्षी ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। मिनाक्षी के 7 दिन का कड़ा दौर व इसके बाद ग्रूमिंग, कड़े अनुशासन, कॉन्फिडेंस और पर्सनालिटी के कई दौर चले, जिन्हें पार कर मीनाक्षी ने टॉप 24 फाइनल लिस्ट में जगह बनाई। जयपुर के होटल हेईवा हेवन रिसोर्ट में आयोजित ग्रैंड फिनाले में मीनाक्षी ने अपनी बेहतरीन रैंपवॉक और हाजिरजवाबी से निर्णायकों को खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया और टॉप-5 में जगह बनाई।

फैशन और फिल्म जगत की बड़ी हस्तियों के सामने चमकीं मीनाक्षी
इस ग्रैंड फिनाले के गवाह फैशन इंडस्ट्री के कई दिग्गज बने। फ्यूज़न ग्रुप के आयोजक योगेश मिश्रा और निमिशा मिश्रा के निर्देशन में हुए इस शो में मुख्य अतिथि और जज के रूप में जीएम रवीन्द्र सिंह, मिस ग्लोब इंडिया 2025 जैस्मिन राणा, सफारी ग्रुप के डायरेक्टर राघव गोयल, जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा, मिसेज़ राजस्थान सलोनी वर्मा, एकता जैन, डॉ. दीपम शर्मा और इवेंट गुरु अरशद हुसैन जैसी नामचीन हस्तियां मौजूद थीं।
मुंबई का संघर्ष और राजस्थान के मंच पर ‘नई पहचान’
मीनाक्षी ने बताया कि उनका सपना बचपन से ही फैशन इंडस्ट्री में नाम कमाने का था। इसके लिए उन्होंने मायानगरी मुंबई का रुख भी किया, जहां कड़े संघर्ष के बाद कई फिल्मों और सीरियल्स में काम मिला, लेकिन उनको वहां खास पहचान नहीं मिल पाई जिसकी उन्हें तलाश थी। साल 2026 में मिसेज़ राजस्थान के मंच ने उनके उस अधूरे सपने को न सिर्फ मुकम्मल किया, बल्कि उन्हें एक नई और सशक्त पहचान भी दी है।

“हाउसवाइफ बनकर सपनों को मत भूलिए”
भविष्य में बॉलीवुड और हॉलीवुड की राह देख रही मीनाक्षी अब ग्रामीण परिवेश से आने वाली लड़कियों की रोल मॉडल बनना चाहती हैं। उन्होंने उन महिलाओं को एक कड़ा और प्रेरक संदेश दिया है जो शादी के बाद घरेलू जिम्मेदारियों में खो जाती हैं। उन्होंने बताया कि “अक्सर शादी के बाद महिलाएं सोचती हैं कि उनके सपनों के दिन खत्म हो गए। मैं कहना चाहती हूं कि शादी जिंदगी का अंत नहीं, बल्कि एक खूबसूरत नई शुरुआत है। किसी के लिए भी अपने सपनों का गला न घोटें, कोशिश करती रहें, कामयाबी एक दिन आपकी दासी होगी।” मीनाक्षी की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके परिवार सहित सम्पूर्ण शेखावाटी अंचल में जश्न का माहौल है फोन तथा सोशियल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2173693


